दुर्गापुर : राज्य सरकार सेफ ड्राइव, सेव लाइफ के तहत लोगों में जागरुकता फैलाने में लगी हुई है, उसके बावजूद शिल्पांचल व इसके आसपास के इलाके में सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. इस पर लगाम कसने के लिये पुलिस प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है. देखा जा रहा है कि सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाएं राष्ट्रीय राजमार्ग पर होती है.
पुलिस प्रशासन की ओर से सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिये नये-नये प्रयोग भी किये जा रहे हैं. इसके मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस की ओर से मुख्य राजमार्ग के बीच डिवाइडर पर पौधरोपण करने की योजना बनाई गई है.
गौरतलब है कि रात में वाहन चालक की आंख पर लाइट पड़ने से दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है. इससे दुर्घटना की संभावना बढ़ जाती है. इस बारे में एसीपी(ट्रैफिक) एस सामंता ने बताया कि पुलिस कमिश्नरेट की ओर से सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिये हर संभव प्रयास किया जा रहा है.
दुर्गापुर ट्रैफिक विभाग अंतर्गत मुख्य राजमार्ग के बीच डिवाइडर पर पेड़ लगाये जायेंगे. डिवाइडर पर पेड़ लगाने के लिये एनएच दो अधिकारियों से आवेदन किया गया है. एनएच दो अधिकारियों ने सड़क का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद डिवाइडर पर पौधरोपण का आश्वासन दिया है.
कोलकाता से बर्दवान तक मुख्य राजमार्ग के बीच डिवाइडर पर पौधरोपण किया गया है. उन्होंने कहा कि मुख्य राजमार्ग के बीच डिवाइडर पर पौधरोपण करने का फायदा वाहन चालकों को होगा. इससे सड़क हादसों पर बहुत हद तक अंकुश लगाया जा सकेगा. दुर्गापुर ट्रैफिक क्षेत्र अंतर्गत मुख्य राजमार्ग के डिवाइडर पर हजारों की संख्या में पौधरोपण करने की योजना बनाई गई है.
उन्होंने कहा कि दिसंबर या जनवरी से मुख्य राजमार्ग के डिवाइडर पर पौधारोपण करने का काम शुरू किया जायेगा. सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिये विभिन्न अंचलों में डिवाइडर पर पेड़ लगाये गये थे, इसकी देखरेख नहीं हो सकी. उन्होंने कहा कि पौधरोपण की देखरेख के लिए एनएच दो की ओर से कर्मी नियुक्त करने का आवेदन किया गया है.
दुर्गापुर से बुदबुद तक मुख्य राजमार्ग के डिवाइडर पर पौधारोपण करने का काम जल्द शुरू किया जायेगा. इससे सड़क हादसों पर बहुत हद तक अंकुश लगाया जा सकता है.
