बांकुडा : वार्ड नंबर 20 में शारदा पल्ली सार्वजनीन दुर्गोत्सव कमेटी के पूजा पंडाल में इस वर्ष बौद्ध धर्म-संस्कृति का आभास होगा. कमेटी बौद्ध युग के प्राचीन बुद्ध मंदिर की तर्ज पर पंडाल बना रही है. मुख्यद्वार पर भगवान बुद्ध की विशाल प्रतिमा यहां आकर्षण का केंद्र होगी. पहाड़ एवं प्रकृति के विभिन्न रूपों का यहां दीदार होगा.
पंडाल के भीतर भगवान बुद्ध के उपदेशों को थर्मोकोल से बनायी गयी कलाकृतियों से दर्शाया जायेगा. इसे लेकर शारदापल्ली के निवासियों में उत्साह का वातावरण है. कमेटी इस वर्ष छठवें वर्ष में पदार्पण कर रही है. वैद्युतिक सजावट भी आकर्षण का केंद्र होगी. कमेटी के सचिव राजू घोष ने कहा कि 45 फ़ीट का पंडाल बनाया जा रहा है. पूजा का बजट लगभग सात लाख है.
पंचमी को पूजा पंडाल का उद्घाटन होगा तथा प्रत्येक दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे. शिल्पी विश्वजीत लोहार(पुचाई) तथा उनकी टीम पंडाल को जीवंतता देने में लगी है.
