आसनसोल : पांच अगस्त को राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी के साथ लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जिलाशासकों की कोलकाता में होने वाली बैठक के पूर्व जिलाशासक शशांक सेठी ने बुधवार को जिले में चल रहे चुनाव कार्य की स्थिति पर समीक्षात्मक बैठक की और संबंधित अधिकारियों से विभिन्न कार्यों की रिपोर्ट जमा करने को कहा. बैठक में अतिरिक्त जिलाशासक(जनरल) अरिंदम राय, सदर आसनसोल के महकमा शासक प्रलय रायचौधरी, जिला के चुनाव प्रभारी सौम्य चटर्जी आदि उपस्थित थे.
चुनाव आयोग के निर्देश पर जिला में पोलिंग पर्सनल का डाटा तैयार करने का कार्य चल रहा है. इसके लिये सभी जिले से सभी पीएसयू और सरकारी संस्थाओं से अधिकारी, कर्मचारी और श्रमिकों का सम्पूर्ण विवरण मांगा गया है. इसके आधार पर पोलिंग पर्सनल का डाटा तैयार किया जायेगा. समरी रिवीजन एलेक्ट्रोरल रोल का कार्य बूथ स्तर पर आरम्भ करने, एलेक्ट्रोरल रोल प्रिंटिंग को लेकर तैयारी चल रही है.
पोलिंग मैटेरियल बजट के साथ चुनाव का जनरल बजट भी तैयार किया जा रहा है. जिले के सभी बूथों की पूरी रिपोर्ट तैयार की जा रही है. बूथों में रैम, पानी व बिजली का आंकलन किया जा रहा है. इन सभी मुद्दों पर जिलाशासक श्री सेठी ने समीक्षा की. संबंधित अधिकारियों को अब तक के हुये कार्यों की सम्पूर्ण रिपोर्ट तैयार कर जमा करने को कहा. यह रिपोर्ट पांच तारीख की बैठक में जिलाशासक मुख्य चुनाव अधिकारी के समक्ष पेश करेंगे. चुनाव आयोग की ओर से छह अगस्त को चुनाव कार्य को लेकर जिलाशासकों को प्रशिक्षण दिया जायेगा. सात अगस्त को ईआरओ का प्रशिक्षण कोलकाता में होगा.
