बालुरघाट. दक्षिण दिनाजपुर जिले के हिली ब्लॉक में एक ग्राम पंचायत सीट से पिता और पुत्र एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं. बिनशिरा ग्राम पंचायत की इस सीट से आरएसपी से प्रत्याशी हैं आंगूर लाहा जबकि उसी सीट पर उनके पुत्र विश्वजित लाहा तृणमूल कांग्रेस से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. उल्लेखनीय है कि पिछले चुनाव में तृणमूल ने कम वोटों के अंतर से यह सीट आरएसपी से छीन ली थी.
इस बार भी तृणमूल से खड़े विश्वजित लाहा अपनी जीत के प्रति निश्चित हैं. वहीं, आरएसपी प्रत्याशी और विश्वजित के पिता आंगूर लाहा को भी अपनी जीत पर पूरा भरोसा है. गौरतलब है कि आंगूर लाहा इलाके के कर्मठ और ईमानदार कार्यकर्ता के बतौर जाने जाते हैं. वामफ्रंट के कार्यकाल में उन्होंने इलाके में काफी विकास कराया था. बिजली और सड़क की व्यवस्था करायी थी. उस समय वे बिनाशिरा ग्राम पंचायत के प्रधान थे.जानकारी के अनुसार आंगूर लाहा वर्ष 2008 से लेकर 13 साल तक लगातार पंचायत प्रधान रहे. इस दौरान उन्होंने इलाके में सड़क, पेयजल और बिजली की आपूर्ति की व्यवस्था करायी थी. यही वजह है कि वे इस बार भी अपनी जीत के प्रति पूरी तरह से आश्वस्त लगते हैं. यहां तक कि विकास के मामलों में उन्होंने उस समय विपक्ष का भी सहयोग लिया था. इसलिये इलाके में उनकी सर्व स्वीकार्यता है.वहीं, तृणमूल के प्रत्याशी और आंगूर के पुत्र विश्वजित लाहा भी अपनी जीत के प्रति आश्वस्त हैं. उन्होंने बताया कि पिछले बार तृणमूल ने आरएसपी से यह सीट छीन ली थी. उस समय तृणमूल की प्रत्याशी पॉली दास घोष ने आरएसपी की सीमा घोष को 7 वोट के अंतर से हराया था. उसके बाद पिछले पांच साल में इलाके में काफी विकास हुआ है. इसी विकास को औजार बनाकर उनकी पार्टी प्रचार में उतरी है.
