पश्चिम व पूर्व बर्दवान जिले की नदियों से हो रही है इसकी तस्करी
बिहार में बालू घाटों को लेकर कानूनी लड़ाई के कारण मांग हुई तेज
मुख्य सड़कों के बजाय अन्य सड़कों का उपयोग कर रहे बालू तस्कर
आसनसोल : पश्चिम बर्दवान तथा पूर्व बर्दवान जिले में स्थित विभिन्न नदियों के बालू के अवैध खनन के बाद बिहार के विभिन्न इलाकों में बालू की तस्करी धड़ल्ले से चल रही है. बिहार में बालू घाटों को लेकर चल रहे कानूनी गतिरोध के कारण बिहार में बालू की कीमत काफी अधिक है. बालू तस्कर इसके लिए झारखंड की विभिन्न सड़कों का उपयोग कर रहे हैं. दुमका (झारखंड) जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए एक दिन में अवैध बालू लदे 66 ट्रकों को जब्त किया, जिनमें या तो बिना चालान के अथवा ओवरलोड बालू ले जाये जा रहे थे.
पुलिस के अनुसार रानीश्वर थाना क्षेत्न में 21, मसानजोर थाना क्षेत्न में 39 तथा दुमका मुफस्सिल थाना में छह ट्रकों को जब्त किया गया. इतनी बड़ी कार्रवाई के बाद भी ऐसे दर्जनों ट्रक रोज पहुंच रहे हैं . इन ट्रकों पर कार्रवाई भी चल रही है. उल्लेखनीय है कि हाल ही में बिहार सरकार ने अवैध बालू खनन के कारोबार पर शिकंजा कसा है और इससे बिहार के साथ ही झारखण्ड के कई इलाकों में बालू की कीमतों में भारी उछाल है. कुछ व्यापारी इस इसका फायदा उठाने के लिए कानून की सभी सीमाएं लांघ रहे हैं.
