दुर्गापुर में घने कोहरे के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त

सड़क-रेल यातायात प्रभावित, ठंड का प्रकोप बढ़ा फिलहाल कोहरे से राहत मिलने की उम्मीद नहीं दुर्गापुर. गुरुवार सुबह घने कोहरे के कारण दुर्गापुर में आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. सुबह आठ बजे तक कोहरे ने दुर्गापुर को अपने आगोश में ले रखा था. कोहरे रिमझिम बारिश का अहसास करा रहे थे. सड़कें भींग गई थीं. […]

सड़क-रेल यातायात प्रभावित, ठंड का प्रकोप बढ़ा

फिलहाल कोहरे से राहत मिलने की उम्मीद नहीं

दुर्गापुर. गुरुवार सुबह घने कोहरे के कारण दुर्गापुर में आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया. सुबह आठ बजे तक कोहरे ने दुर्गापुर को अपने आगोश में ले रखा था. कोहरे रिमझिम बारिश का अहसास करा रहे थे. सड़कें भींग गई थीं. कार्यालय जाने वाले लोगों तथा स्कूल जाने वाले बच्चों को काफी मुश्किलें हुईं. कोहरे से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार भी थमी रही.

बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर भी इसका प्रभाव दिखा. नौ बजे के बाद सूरज ने आखें खोलीं तो लोगों को कुछ राहत मिली. शाम ढलते ही ठंड ने फिर रौद्र रूप धारण कर लिया. धुंध के साथ ही ठिठुरन भी बढ़ गई. इस रोज सुबह घने कोहरे के कारण वाहनों के साथ-साथ आम लोगों को भी राह चलना मुश्किल हो गया. कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गयी थी. दस-पंद्रह मीटर भी आगे नहीं दिखाई दे रहा था. इस कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार कम रही. अधिकांश वाहन लाइट जलाकर चलते देखे गये. कोहरे के कारण रेल यातायत पर भी बुरा असर पड़ा है. दर्जनों से ज़्यादा रेलगाड़ियां घंटों विलंब से चल रही है जबकि कई रद्द हैं. इस कारण यात्री काफी परेशान हो रहे हैं.

घना कोहरा छाया रहने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है. कोहरे के कारण लोग आग का सहारा लेते हुए दिखाई दिए. ठंड के चलते बाजारों की रौनक भी फीकी पड़ रही है. लोगों का कहना है कि कोहरे के कारण उन्हें काम पर जाने के लिए काफ़ी मुश्किलों हो रही हैं. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अभी कोहरे से राहत मिलने की आशा नहीं है और ये हाल इस महीने के आख़िर तक बना रहेगा.

कुहासे के कारण कालना-शांतिपुर फेरी घाट सेवा बंद

पानागढ़. पूर्व बर्दवान जिले के कालना-शांतिपुर फेरी घाट को घने कोहरे के कारण प्रशासन ने बुधवार देर रात बंद कर दिया. इस कारण फेरीघाट पर करीब 200 यात्री फंस गये. कालना पुलिस और कालना नगरपालिका ने घाट पर फंसे यात्रियों को पास ही शिविर बनाकर ठहराया. महिला यात्रियों की पूराश्री हॉल में ठहरने की व्यवस्था की गयी. कड़कड़ाती ठंड को देखते हुये यात्रियों के लिये बिस्तर, कंबल तथा खाने-पीने की व्यवस्था की गयी. मोबाइल चार्जिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई. कालना एसडीओ नितिन सिंघानिया समेत कालना एसडीपीओ ने यात्रियों का हालचाल पूछा तथा व्यवस्था का जायजा लिया. यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने उपयुक्त व्यवस्था की थी. किसी भी यात्री को कोई असुविधा न हो, इसे लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद था. एसडीओ ने बताया कि धुंध के कारण ही बुधवार देर रात से कालना-शांतिपुर फेरीघाट बंद कर दिया गया. यात्रियों को कोई असुविधा न हो इसके लिए रहने और खाने पीने की उपयुक्त व्यवस्था की गयी.

कोहरे से बांकुड़ावासियों का जनजीवन प्रभावित

बांकुड़ा. सुबह से ही घने कोहरे के कारण जनजीवन का हाल बेहाल हो गया. वाहन चालकों को खासा असुविधा हुई. रेल यातायात पर इसका काफी असर दिखा. सुबह नौ बजे के बाद स्थिति स्वाभाविक हुई. बांकुड़ा-दुर्गापुर, बाकुड़ा-रानीगंज, बाकुड़ा-विष्णुपुर और बांकुड़ा-खातड़ा मार्ग पर वाहनों का परिचालन बाधित हुआ. गुरुवार को इस शीत ऋतु का पहला घना कुहरा था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >