ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण फूटा गुस्सा
समय पर नहीं पहुंच पा रहे गंतव्य स्थल तक
पानागढ़ : रोजाना ट्रेनों के विलंब से चलने के कारण बुधवार सुबह आठ बजे पूर्व बर्दवान जिले के गुसकरा रेलवे स्टेशन पर दैनिक यात्रियों ने ट्रेन अवरोध कर विरोध प्रदर्शन किया. इस कारण कई ट्रेनों का परिचालन ठप पड़ गया.
गुसकरा स्टेशन पर विश्वभारती फास्ट पैसेंजर, गणदेवता एक्सप्रेस के अलावा अन्य स्टेशनों पर कई लोकल ट्रेनें खड़ी हो गई. इसके अलावा रेलगेट बंद होने के कारण गुसकरा-आउसग्राम, गुसकड़ा शहर व मानकर-दुर्गापुर सड़क भी अवरुद्ध हो गया. इस बीच प्रतिवाद जता रहे प्लेटफार्म पर दैनिक यात्रियों व गणदेवता एक्सप्रेस के यात्रियों के बीच झड़प हो गयी. दैनिक यात्रियों का अारोप है िक िपछले कई महीनों से प्रतिदिन स्टेशन पर ट्रेनों के विलम्ब से चलने के कारण वे गंतव्य स्थल तक समय पर नहीं पहुंच पाते हैं. इस कारण उन्हें दिक्कतें उठानी पड़ती है. ट्रेनों से कई लोग कार्यालय जाते हैं.
विद्यार्थी विद्यालय एवं कॉलेज जाते हैं लेिकन नियत समय पर नहीं पहुंचने के कारण उनके सामने कई समस्याएं आ जाती हैं. बार-बार रेल प्रशासन को अवगत कराने के बावजूद भी इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हो रही है. बाध्य होकर स्टेशन पर ट्रेन अवरोध कर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा. घटना को लेकर रेल प्रशासन केवल मौखिक रूप से कोरा आश्वासन देता आ रहा है. बाद में रेलवे अधिकारियों, रेलवे पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर यात्रियों को समझा-बुझाकर उनका आंदोलन समाप्त कराया. आंदोलन समाप्त होने के बाद रेल तथा सड़क यातायात सुचारू हो सका.
