ट्रेनी नर्स और मौके पर मौजूद एक प्रसूता के बयान के अनुसार इसे तैयार िकया
स्कैच के आधार पर पुलिस को आरोपी महिला की तलाश
दुर्गापुर. दुर्गापुर महकमा अस्पताल से लापता नवजात शिशु की तलाश में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से कोई भी कसर नहीं छोड़ा जा रहा है. पुलिस एक ओर शिशु को तलाशने के लिये जोरशोर से जांच अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर आरोपी का स्कैच भी तैयार कर लिया गया है.
यह स्कैच पुलिस ने ट्रेनी नर्स और मौके पर मौजूद एक प्रसूता रमा बाध्यकर के बताये हुलिये के आधार पर तैयार किया है. तैयार स्केच की मदद से पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में काफी सहूलियत होगी. गौरतलब है कि महकमा अस्पताल में रविवार को एक नवजात के अचानक लापता होने के बाद मंगलवार को शिशु के परिजनों ने महकमा अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुये जमकर हंगामा किया था. वे लोग अपने शिशु को ढूंढकर लाने की मांग पर अड़े हुये थे.
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शिशु को ढूढने का आश्वासन देकर स्थिति को संभाला था. इस घटना के बाद आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी(पूर्व) अभिषेक मोदी ने अस्पताल पहुंचकर घटना के वक्त वहां मौजूद ट्रेनी नर्स सहित अन्य कई लोगों से पूछ्ताछ की. बताया जाता है कि घटना के समय ट्रेनी नर्स के हाथ से किसी महिला ने अपने को शिशु का परिजन बताकर शिशु को अपनी गोद में ले लिया था. इसके बाद से ही शिशु अस्पताल से लापता हो गया. पुलिस की पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के अनुसार उस महिला की उम्र तक़रीबन 45 वर्ष बतायी जाती है. घटना के वक्त उसने हरे, नीले रंग की साड़ी पहन रखी थी. पुलिस स्कैच तैयार करने के बाद आरोपी महिला की जोरशोर से तलाश की जा रही है.
