थानेदार का दावा- दोनों गये थे शौच करने, एक था मिरगी रोग से पीड़ित
मामले की जांच जारी, विरोध में ग्रामीणों ने किया कल्लामें सड़क जाम
आसनसोल : आसनसोल नॉर्थ थाना अंतर्गत इसीएल के श्रीपुर एरिया के भानोडा ओसीपी के निकट रविवार की सुबह मोहम्मद उस्मान (34) और असीम अंसारी के शव स्थानीय पुलिस ने बरामद किया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इनकी मौत अवैध कोयला खनन के दौरान हुयीा. शवों को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेजा गया. इस मामले में स्थानीय लोगों ने कल्ला मोड़ के निकट सड़क जाम किया. पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर आंदोलन समाप्त हुआ. आसनसोल नॉर्थ थाना प्रभारी असीम मजूमदार ने कहा कि ओसीपी के निकट दो लोगों के शव पाये गये हैं. दोनों ही व्यक्ति रविवार की सुबह शौच करने गये थे. एक मृतक मिरगी रोग से पीड़ित था. पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है.
नाम नहीं छापने की शर्त्त पर कोयला श्रमिकों ने बताया कि दोनों भनौरा ओसीपी से कोयला चोरी कर रहे थे. अचानक कोयले के ढ़ेर में दबने से उनकी मौत हो गयी. उनके सहयोगियों ने वहां से उनके शव निकाले तथा पुलिस के हवाले किया. शव पर लगे कोयले के रंग भी इसकी पुष्टि कर रहे थे. स्थानीय पार्षद नरेंद्र मुमरू ने कहा कि स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी दी. जब वे घटनास्थल पर ओसीपी के निकट पहुंचे तब तक शव को जिला अस्पताल ले जाया जा चुका था. उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने जजर्र सड़क की मरम्मत की मांग पर जाम किया था. जल्द ही सड़क बनायी जायेगी.
