10 नवंबर को दुर्गापुर अदालत में किया था आत्मसमर्पण
हत्या मामले की जांच के लिये पुिलस ने मांगा था रिमांड पर
दुर्गापुर : दुर्गापुर के कोकओवेन थाना अंतर्गत गैरेज मोड़ के समीप 23 अक्तूबर 2016 की रात पेट्रोल पंप में घुसकर चालक मदन चौहान की हत्या मामले के मुख्य आरोपी दीपक साव को सोमवार को दुर्गापुर अदालत में पेश किया गया. हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिये आरोपी को चार दिनों के लिये रिमांड पर भेज दिया गया.
आरोपी दीपक साव ने तीन दिन पहले दुर्गापुर अदालत में आत्मसमर्पण किया था. वहां से जज ने उसे जेल हिरासत में भेजने का निर्देश जारी किया था. आत्मसमर्पण की सूचना मिलते ही कोकओवेन थाना पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेने की अर्जी अदालत में पेश कर दी. सोमवार को आरोपी को दुबारा अदालत में पेश कर उसे रिमांड पर भेजने का निर्देश जारी किया.
उल्लेखनीय है कि 23 अक्तूबर की रात करीब 11 बजे हरिहर यादव के पेट्रोल पंप के अधीन काम करने वाले मदन चौहान के साथ दीपक साव का मामूली बात को लेकर विवाद हो गया था. दीपक ने शांति टोल में घुसकर हमला कर दिया एवं कई जरूरी सामानों को क्षतिग्रस्त कर दिया.
दोनों में विवाद बढ़ गया. गुस्से में आकर दीपक ने मदन पर तीन गोलियां दाग दीं और वहां से फरार हो गया. मदन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. सूचना मिलने पर तत्कालीन थाना प्रभारी शांतनु अधिकारी, डीसीपी अमिताभ माइति घटनास्थल पर पहुंचे एवं मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस दीपक को गिरफ्तार नहीं कर पायी. करीब एक वर्ष बाद बीते 10 नवंबर को दीपक ने दुर्गापुर अदालत में आत्मसमर्पण कर िदया. वहां से उसे जेल भेज दिया गया. सोमवार को उसे दुबारा अदालत में पेश कर पुलिस ने रिमांड पर लिया है.
