अवैध बालू लदे आठ वाहन, ओवरलोड में 23 ट्रकों को किया गया सीज
पानागढ़. अतिरिक्त जिलाशासक सह दुर्गापुर के महकमाशासक शंख सांतरा तथा कांकसा के प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अरविंद विश्वास ने विभागीय अधिकारियों व कांकसा थाना पुलिस के साथ रविवार की सुबह बालू तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया.
कुनूर नदी बालू घाट, अजय नदी बालू घाट और दामोदर नदी बालू घाट से अवैध बालू लदे आठ वाहनों को जब्त किया. इनमें सात ट्रेक्टर व एक डंपर शामिल हैं. इसके साथ ही ओवरलोड के आरोप में 23 ट्रकों को जब्त किया गया. अभियान में बालू खनन स्थल से चार मशीनों, पंप आदि सीज किये गये तथा तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया. प्राथमिकी दर्ज कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की गयी है.
महकमा शासक श्री सांतरा ने कहा कि जिला प्रशासन अजय नदी तथा दामोदर नदी में अवैध बालू खनन करनेवाले कारोबारियों के खिलाफ अभियान चला रहा है. कुनूर नदी से भी बालू तस्करी की सूचना मिलने के बाद तीनों नदियों के बालू खनन घाटों पर छापेमारी की गयी. बालू लदे आठ ट्रक व ट्रेक्टरों को जब्त किया गया. खनन व लदाई में लगे श्रमिकों के साथ-साथ इन वाहनों के चालक भी भाग निकले. उनकी तलाश की जा रही है. उन्होंने कहा कि बालू तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा.
जिला प्रशासन के स्तर से चलाये जा रहे अभियान से बालू माफियाओं के बीच हड़कंप है. अजय नदी तथा दामोदर नदी से बालू के अवैध खनन पर प्रशासन की नजरदारी बढ़ने के कारण बालू माफियाओं ने कुनूर नदी से बेधड़क अवैध बालू खनन शुरू किया था. माफिया स्थानीय आदिवासी श्रमिकों को काम में लगा रहे थे.
प्रतिदिन उक्त नदी से 50 से 60 ट्राली बालू की तस्करी हो रही थी. नदी के किनारा इसके कारण टूटने लगा था.वीडीओ श्री विश्वास ने कहा कि भूमि तथा भूमि राजस्व विभाग के अधिकारियों को इलाके में निगकानी करने का आदेश जारी किया गया है.
कांकसा थाना के तिलकचंदपुर पंचायत अधीन पियारीगंज कुनूर घाट, सात कहानिया घाट, जंगल खदान घाट, अयोध्या बनकटी, मौखिरा घाट बसुधा आदि इलाकों में रविवार की सुबह साढ़े छह बजे से साढ़े 11 बजे तक छापेमारी अभियान चलाया गया. बालू से लदे सात ट्रेक्टर व एक डंपर तथा 23 ओवरलोड ट्रकों को जब्त किया गया. इस घटना में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
बालू घाट से खनन में लगी चार मशीनो को जब्त किया गया है. अभियान में दुर्गापुर के डेप्यूटी मजिस्ट्रेट अभिजीत सामंत, एसीपी (इस्ट) कमल बैराग्य, एआरटीओ, एसआर टू, कांकसा थाना पुलिस शामिल थी.
