सीबीएसइ : 10वीं तथा 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओ की तैयारियां हो गयी शुरू
सीबीएसइ ने 10वीं तथा 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा के लिए तैयारियां शुरूकर दी. इसके लिए नौवीं तथा 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन का कार्य शुरू किया गया है. इसके लिए संबद्ध स्कूलों को निर्देश जारी किये गये हैं. उनका उल्लंघन करने पर रजिस्ट्रेशन रद्द भी हो सकता है.
आसनसोल : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसइ) की नौवीं तथा 11वीं कक्षा का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन आगामी 31 अक्तूबर तक होगा. यह रजिस्ट्रेशन स्कूलों में पढ़नेवाले नियमित छात्र-छात्रओं का हो रहा है.
बोर्ड की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन से पहले सभी स्कूलों को खुद को रजिस्टर करना होगा. इसके लिए उन्हें अपने एफिलिएशन नंबर का इस्तेमाल यूजर आईडी के रूप में करना होगा. रजिस्ट्रेशन में नौवीं तथा 11वीं कक्षा के सेक्शन की संख्या भी अंकित करनी होगी. जिसे बाद में बदला नहीं जा सकेगा. एक बार सेक्शन अंकित करने के बाद सिस्टम स्वत: 40 के अनुपात में उसे गुणा कर लेगा.
मसलन दो सेक्शनों में 41-41 एवं एक सेक्शन में 39 छात्र हैं तो 40 छात्र प्रति सेक्शन के अनुसार एक छात्र अधिक होने पर चार सेक्शन अंकित करने होंगे. हालांकि चार सेक्शन अंकित करने का यह मतलब नहीं होगा कि स्कूल प्रबंधन बाद में 160 छात्रों तक के रजिस्ट्रेशन के योग्य होंगे. उसके बाद छात्रों का विवरण भरा जा सकेगा.
नौवीं कक्षा के छात्रों की परीक्षा स्कूल की ओर से ली गयी थी और उसके अंक पत्रक में भी अंक भी स्कूल द्वारा दिये गये थे. लेकिन दसवीं की परीक्षा सीबीएसइ लेगा और उसके अंक पत्रक में इंटरनल टेस्ट के अंक स्कूल को ऑनलाइन बोर्ड को भेजने होंगे. रजिस्ट्रेशन के लिए विद्यार्थियों की कोई न्यूनतम या अधिकतम उम्र बोर्ड द्वारा निर्धारित नहीं है.
बतानी होगी गार्जियन की वार्षिक आय
नौवीं कक्षा तथा 11वीं कक्षा के रजिस्ट्रेशन के तौर पर संबंधित विद्यार्थी के अभिभावक की वार्षिक आय भी बतानी होगी. यह अभिभावक द्वारा स्व: घोषित होगा. इसके लिए स्कूल प्रबंधन के स्तर से न तो इनकम डिक्लेयरेशन सर्टिफिकेट और न इनकम टैक्स रिटर्न की प्रति मांगी जायेगी.
इनके साथ ही आधार नंबर भीऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के वक्त अनिवार्य होगा. 11वीं कक्षा के छात्र के रजिस्ट्रेशन में स्कूल विद्यार्थियों को वहीं विषय ऑफर करें, जो उसे बोर्ड से मिला है. अन्य किसी विषय को ऑफर करने पर स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई होगी तथा संबंधित रजिस्ट्रेशन रद्द हो जायेगा.
यह है रजिस्ट्रेशन की तिथि
150 रूपये प्रति छात्र के शुल्क के साथ 31 अक्तूबर तक रजिस्ट्रेशन होगा. इसके बाद बिलंब से शुल्क के साथ 650 रूपये प्रति छात्र के अनुसार एक से सात नवंबर तक रजिस्ट्रेशन होंगे. 1150 रूपये प्रति छात्र शुल्क के साथ आठ से 14 नवंबर तक रजिस्ट्रेशन होंगे. इसके बाद 2150 रूपये प्रति छात्र विलंब शुल्क के साथ 15 नवंबर से 21 नवंबर तक तथा 5150 रूपये विलंब शुल्क के साथ 22 नवंबर से 28 नवंबर तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन होंगे.
दसवीं कक्षा के विषय
दसवीं कक्षा में अनिवार्य विषय के तौर पर भाषा एक, भाषा दो, विज्ञान, गणित तथा सामाजिक विज्ञान विषय होंगे. वहीं छठे वैकल्पिक विषय के तौर पर एकेडमिक या वोकेशनल विषय और सातवें वैकल्पिक विषय के तौर पर भाषा तीन हो सकता है. दसवीं कक्षा में भी बोर्ड परीक्षा होगी. जैसा कि पहले की वर्षो में होता था.
विलंब होने पर प्रति सप्ताह पांच सौ रूपये अतिरिक्त भुगतान
विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन करने से पहले संबद्ध स्कू लों को होना होगा रजिस्टर्ड
