कोलकाता परीक्षा देने जा रहे युवक की ट्रेन से गिर कर मौत

आसनसोल : आरा (बिहार) के महाराजा कॉलेज के दैनिक कर्मचारी हरेराम उपाध्याय के 19 वर्षीय पुत्र सत्यम उपाध्याय की मौत डाउन पंजाब मेल से यात्रा के दौरान सोमवार की अहले सुबह आसनसोल में गिरने से हो गयी. रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) तथा सरकारी रेल पुलिस (जीआरपी) कर्मियों ने उसे उठा कर इलाज के लिए आसनसोल […]

आसनसोल : आरा (बिहार) के महाराजा कॉलेज के दैनिक कर्मचारी हरेराम उपाध्याय के 19 वर्षीय पुत्र सत्यम उपाध्याय की मौत डाउन पंजाब मेल से यात्रा के दौरान सोमवार की अहले सुबह आसनसोल में गिरने से हो गयी. रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) तथा सरकारी रेल पुलिस (जीआरपी) कर्मियों ने उसे उठा कर इलाज के लिए आसनसोल जिला अस्पताल में दाखिल कराया. चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
इसकी सूचना उसके साथ सफर कर रहे उसके मित्र रवि कुमार ने उसके परिजनों को दी. दोपहर के बाद कॉलेजकर्मी श्री उपाध्याय अपने चार सहयोगियों के साथ आसनसोल पहुंचे तथा शव को लेकर आरा के लिए रवाना हो गये. वह आरा से ट्रेन पर सवार हुआ था तथा एसएससी की परीक्षा में शामिल होने कोलकाता जा रहा था. परीक्षा सोमवार को ही थी.
जीआरपी सूत्रों तथा उसके सहयोगी आरा के निकटवर्ती गांव लक्ष्मणपुर के निवासी रवि कुमार ने बताया कि सत्यम अपने सहयोगी के साथ पश्चिम बंगाल स्टॉफ सेलेक्शन कमीशन संचालित परीक्षा में शामिल होने के लिए कोलकाता जा रहा था. वह रविवार की शाम को आरा स्टेशन से डाउन पंजाब मेल पर सवार हुआ था. ट्रेन आसनसोल से जैसे ही खुली, सत्यम थूकने के लिए ट्रेन के गेट पर आ गया. जैसे ही उसने ट्रेन से सर बाहर निकाला, उसका सर रेल लाइन के बगल में स्थित बिजली खंभे से टकरा गया और वह गंभीर रूप से घायल होकर ट्रेन से नीचे गिर पड़ा. उस समय ट्रेन आसनसोल दोमुहानी रेलवे कॉलोनी के पुल से गुजर रही थी.
उसके गिरते ही शोर मचा और ट्रेन रोक दी गयी. उसका सहयोगी ट्रेन से उतर गया और ट्रेन रवाना हो गयी. इसकी सूचना मिलने के बाद आरपीएफ तथा जीआरपी अधिकारी व कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे तथा उसे इलाज के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेजा.
अस्पताल के चिकित्सक डॉ अमरजीत तिवारी ने कहा कि घायल सत्यम को लेकर जीआरपी अधिकारी अस्पताल आये थे. वह गंभीर रूप से घायल था तथा रक्त नली के कट जाने के कारण बहुत अधिक रक्त निकल चुका था. उसे तत्काल ऑपरेशन कक्ष में ले जाया गया. लेकिन अदिक रक्तस्त्रव के कारण पांच मिनट में ही उसकी मौत हो गयी. जीआरपी ने उन्हें बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है.
मृतक के पिता श्री उपाध्याय ने कहा कि उनका पैतृक मकान भोजपुर जिले के नारायणपुर थाना अंतर्गत मरणपुर गांव में है. लेकिन वे महाराजा कॉलेज में दैनिक कर्मचारी हैं. इस कारण उनका परिवार आरा में ही रहता है.
उन्होंने कहा कि उन्हें साढ़े पांच बजे घटना की सूचना जीआरपी तथा आरा टाउन थाना पुलिस के माध्यम से मिली. इसके बाद वे अपने चार सहयोगियों के साथ स्कार्पियों से आसनसोल के लिए रवाना हो गये. आसनसोल पहुंचने पर उन्हें पूरे घटना की जानकारी मिली. पोस्टमार्टम के बाद वे एम्बुलेंस से शव को लेकर आरा लौट गये.
परिजनों ने बताया कि सत्येन अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था. उसके बाद उसकी 15 वर्षीया बहन नीतू उपाध्याय तथा 11 वर्षीय भाई सुजीत उपाध्याय है. सभी एक ही साथ आरा में रहते हैं. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. कॉलेज परिसर में भी मातम छा गया. सोमवार की देर रात शव आरा पहुंचने की संभावना है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >