दुर्गापुर : दुर्गापुर नगर निगम की मेयर परिषद की बैठक में बुधवार को मेयर दिलीप अगस्ती ने नौ सदस्यों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया. इसके साथ ही सभी विभागों में मेयर परिषद सदस्यों ने दायित्व संभालने की तैयारियां शुरू कर दिया. विभाग बंटवारे के बाद कहीं खुशी कहीं गम का माहौल है.
लेकिन कोई भी खुल कर बोलने को तैयार नहीं है. सनद रहे कि बीते 17 अगस्त को नगर निगम बोर्ड का चुनावी परिणाम निकला था. इसके बाद छह सितंबर को मेयर, उपमेयर , नगर निगम चेयरमैन तथा मेयर परिषद सदस्यों की घोषणा की गयी थी. लेकिन मेयर परिषद सदस्यों के बीच विभागों का बंटवारा नहीं होने से कामकाज बाधित हो रहा था.
पूर्व उपमेयर सह मेयर परिषद सदस्य अमिताभ बनर्जी को सड़क व अभियंत्रण, खाद्य व सप्लाई, सामाजिक कल्याण के दायित्व मिले हैं तो मेयर परिषद सदस्य प्रभात चटर्जी को सेवरेज व ड्रेनेज, पंपिंग स्टेशन तथा पर्यावरण का दायित्व मिला है.
मेयर परिषद सदस्य व कांग्रेसी विधायक विश्वनाथ पाड़ियाल की पत्नी रूमा पाडियाल को सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट, बस्ती विकास, राहत व स्वरोजगार कार्यक्रम, विद्युत शवदाह गृह, जन्म व मृत्यु निबंधन से जुड़े कार्यो का दायित्व सौंपा गया है. मेयर परिषद सदस्य प्रभात चटर्जी को जल सप्लाई व मार्केट का दायित्व मिला है. मेयर परिषद सदस्य राखी तिवारी को हेल्थ, टीका नियंत्रण, स्वास्थ्य बीमा योजना, समेकित शिशु विकास योजना (आइसीडीएस) तथा आरसीएच का दायित्व मिला है.
मेयर परिषद सदस्य मणि सोरेन को पार्क व गार्डेन, युवा व खेलकूद विकास का दायित्व दिया गया है. जबकि मेयर परिषद सदस्य धर्मेन्द्र यादव को प्रकाश व विद्युत तथा गैर पारंपरिक ऊर्जा का दायित्व सौंपा गया है. मेयर परिषद सदस्य निजाम हुसैन मंडल को अल्पसंख्यक व पिछड़ा वर्ग विकास से संबंधित दायित्व मिले हैं. जबकि मेयर परिषद सदस्य अंकिता चौधरी को शिक्षा, कन्याश्री प्रोजेक्ट व सांस्कृतिक मामले सौंपे गये हैं.
मेयर श्री अगस्ती ने कहा कि मेयर परिषद के नौ सदस्यों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है. सभी बहुत जल्द अपने विभागों का दायित्व संभाल लेंगे.
उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा से प्पहले शहर की विभिन्न सड़कों की मरम्मत की जायेगी. शहर में बढ़ते प्रदूषण की रोकथाम के लिए विशेष कदम उठाये जायेंगे. हर वार्ड में लोगो के सुविधा असुविधा पर विशेष ध्यान दिया जायेगा. बहुत जल्द बोर्ड की बैठक कर बजट पारित होगा. मेयर परिषद सदस्यों को मेयर श्री अगस्ती ने शपथ पाठ कराया. विभागों को लेकर मेयर परिषद सदस्यों में काफी खुशी नहीं है. सभी महत्वपूर्ण विभागों को विकेंद्रित किया गया है. मेयर श्री अगस्ती को छोड़ कर सभी मेयर परिषद सदस्यों को विभिन्न विभागों के दायित्व मिले हैं. सबसे महत्वपूर्ण माने जा रहे पीडब्ल्यूडी को भी विकेंद्रित किया गया है.
इसमें से रोड को हटा कर उसका दायित्व मेयर परिषद सदस्य श्री बनर्जी को दे दिया गया है. पार्टी सूत्रों ने कहा कि सभी मेयर परिषद सदस्यों के पास कार्य करने का काफी मौका है. यदि वे प्रभाव के बजाय अपने कार्य पर अधिक जोर देंगे तो नगर निगम के नागरिकों का विकास तेजी से होगा तथा उन्हें अत्यधिक नागरिक सुविधाएं प्राप्त होगी.
