बदलाव. 31 को रिटायर हो रहे चेयरमैन सुतीर्थ भट्टाचार्या, नहीं मिलेगा एक्सटेंशन
आसनसोल : कोल इंडिया लिमिटेड (सीआइएल) के मौजूदा चेयरमैन सुतीर्थ भट्टाचार्या आगामी 31 अगस्त को रिटायर हो रहे हैं. नये चेयरमैन का चयन नहीं हो सका है. चर्चा है कि वेस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड (डब्ल्यूसीएल) के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक राजीव रंजन मिश्र कोल इंडिया के प्रभारी चेयरमैन की रेस में सबसे आगे हैं. जानकार सूत्रों के अनुसार अगर सरकार ने कोयला मंत्रलय के संयुक्त सचिव को प्रभारी चेयरमैन नहीं बनाया तो श्री मिश्र ही नये चेयरमैन के चयन होने तक प्रभारी चेयरमैन बन सकते हैं. फिलहाल श्री मिश्र सीआइएल के प्रभारी कार्मिक निदेशक के पद पर भी हैं.
पब्लिक इंटरप्राइजेज सेलेक्शन बोर्ड (पीइएसबी) ने कोल इंडिया के चेयरमैन के लिए 16 जून, 2017 को साक्षात्कार का आयोजन किया था. जिसमें कोल इंडिया की अनुषांगिक कोयला कंपनियों डब्ल्यूसीएल, एमसीएल, सीसीएल तथा सीएमपीडीआईएल के सीएमडी सहित पांच आवेदकों ने भाग लिया था. पर चयन बोर्ड ने किसी को भी इस पद के लायक नहीं मानते हुए किसी के भी चयन की अनुशंसा नहीं की थी. कोल इंडिया के प्रभारी चेयरमैन कौन बनेगा, अब यह केंद्र सरकार को तय करना है.
50 हजार के बेसिक पर 18,686 का फायदा: अगामी 31 अगस्त को दसवें एनसीडब्ल्यूए पर जेबीसीसीआइ की बैठक में हस्ताक्षर होगा. तय शत्तरे के अनुसार 50 हजार रूपये बेसिक पानेवाले कोयला कर्मियों को 18,686 रूपये का फायदा होगा. कर्मी के मूल वेतन में 17,200 रूपये की वृद्धि होगी. वहीं 1486 रूपये विश्ेष भत्ता के रूप में मिलेंगे. 30 जून, 2016 को 50 हजार बेसिक पानेवाले कर्मी का कुल वेतन 1,03,258 रूपये होता है. वहीं एक जुलाई, 2016 को यह बढ़ कर 1.21 लाख रूपये हो जायेगा. इसी दिन से कर्मियों का नया वेतनमान बकाया है. एटक नेता सह जेबीसीसीआइ सदस्य आरसी सिंह ने कहा कि तय शत्तरे के आधार पर डेलीरेटेड केटेगरी -वन मजदूर का एक दिन का वेतन करीब 1171 रूपये हो जायेगा. इसका आकलन वर्किग डे के आधार पर होता है.
वेज ड्रॉफ्ट कमेटी की दो दिवसीय बैठक शुरू
कोयला मजदूरों के दसवें वेतन समझौते को लेकर गठित वेज ड्रॉफ्ट सब कमेटी की दोदिवसीय बैठक रांची के सीएमपीडीआइ में मंगलवार से शुरू हो गयी. सब कमेटी में सभी चार केंद्रीय यूनियनों के प्रतिनिधि शामिल है.
लेकिन अपने-अपने सांगठनिक कारणों से भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) तथा हिंद मजदूर सभा (एचएमएस) के प्रतिनिधि शामिल नहीं है. एटक के प्रतिनिधि रमेन्द्र कुमार, लखनलाल महतो, सीटू के प्रतिनिधि डीडी रामानंदन, प्रबंधन प्रतिनिधियों में सीआइएल के प्रभारी कार्मिक निदेशक आरआरमिश्र, वित्त निदेशक चंदन कुमार दे, एससीसीएल के निदेशक (कार्मिक, प्रशासन व कल्याण) जे पवित्र कुमार तथा महाप्रबंधक (कार्मिक) तृप्ति पराग साव आदि शामिल है.
बैठक में प्रबंधन के स्तर से वेतन समझौते के लिए तैयार किये गये ड्रॉफ्ट पर चर्चा की जा रही है. वेज ड्रॉफ्ट में केटेगरी -वन के मजदूरों को कम से कम यानी मिनिमम गारंटी बेनिफिट (एमजीबी) 4899.04 रुपये प्रति माह और 188.42 रूपये प्रतिदिन के हिसाब से लाभ होगा. अब केटेगरी वन के कोयला मजदूर को 29,394.23 रूपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा. वाहन भत्ता, नर्सिग आदि भत्ते अभी तय नहीं हुए हैं.
