32 अस्थायी कर्मियों को काम पर आने से रोका गया
दुर्गापुर : नगर निगम बोर्ड की मियाद समाप्त होने के साथ ही तृणमूल संचालित बोर्ड के कार्यों पर सवालिया निशान लगने लगे हैं. बीते दिनों वाममोरचा के नेताओं ने पूर्व बोर्ड पर कई प्रकार के आरोप लगाते हुये कार्रवाई की मांग निगम आयुक्त से की थी. इन्ही मांगों के बीच नगर निगम के अस्थायी कर्मियों की बहाली का मुद्दा गरमाने लगा है. अस्थायी कर्मियों की बहाली को लेकर नगर निगम प्रशासक ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अभियंताओं से बहाली की फाइल मांगी गयी है. उसके बाद से अस्थायी कर्मियों को काम पर आने से रोक दिया गया है.
आरोप है कि तृणमूल बोर्ड की समयावधि 28 जून को खत्म होने के बावजूद 30 जून को 32 अस्थायी कर्मियों की बहाली एक निजी एजेंसी से की गयी. विपक्षियों ने बहाली को अवैध करार देने के बाद निगम आयुक्त ने मामले की जांच शुरू कर दी है. निगम सूत्रों के अनुसार फरीदपुर के एक निजी संस्था से 32 अस्थायी कर्मियों की बहाली की गई. इनमें से 17 लोगों को निगम के भीतर तथा 15 लोगों को निगम के बाहरी क्षेत्रों में काम पर लगाया गया था. निगम आयुक्त अमिताभ दास ने कहा कि अभियंताओं से फाइलें मंगायी गयी है. निष्पक्ष रूप से इसकी जांच की जायेगी.
