विभिन्न बोर्ड संचालित स्कूलों के दो सौ से अधिक मेधावी छात्र होंगे सम्मानित
अतिथियों में विभिन्न विभागों के शीर्षस्थ अधिकारी होंगे शामिल, देंगे उन्हें टिप्स
आसनसोल. पश्चिम बंगाल के अग्रणी हिंदी अखबार ‘प्रभात खबर’ चार दिनों के अभियान के तहत आसनसोल के टॉपर छात्रों को सम्मानित करने के बाद गुरुवार को रानीगंज के लायन सुंदरमल पत्तेसरिया मेमोरियल कम्यूनिटी हॉल में विभिन्न बोर्ड संचालित 10वीं तथा 12वीं कक्षाओं की वार्षिक परीक्षा में सफल मेधावी स्टूडेंट्सों को प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान से सम्मानित करेगा. सनद रहे कि बुधवार को आसनसोल, बर्नपुर, सीतारामपुर, कुल्टी, बराकर, चित्तरंजन, रूपनारायणपुर, बाराबनी सहित विभिन्न इलाकों के स्कूलों को संप्रीति भवन, बर्नपुर में सम्मानित किया गया.
रानीगंज में आसनसोल दुर्गापुर विकास प्राधिकार (अड्डा) के चेयरमैन तापस बनर्जी, पुलिस उपायुक्त अवधेश पाठक, आसनसोल रेल मंडल के वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त डॉ एके झा तथा इसीएल के कार्मिक निदेशक केएस पात्र सहित विभिन्न अधिकारी व शिक्षाविद उपस्थित रहेंगे. अतिथियों के द्वारा सफल मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र तथा मेडल से सम्मानित किया जायेगा. ‘लगन के परिणाम को सम्मान का तिलक’ तथा ‘सफल हुए विद्यार्थी, समाज का बढ़ा गौरव’ नारे के तहत इस सम्मान समारोह का आयोजन कोयलांचल सह शिल्पांचल में लगातार चौथे वर्ष किया जा रहा है. तय प्रक्रिया के अनुसार सम्मानित होनेवाले स्टूडेंट्सों के चयन में पूरी पारदर्शिता बरतने के लिए सभी संबंधित स्कूलों से टॉप तीन छात्रों की सूची मंगायी जाती है तथा उसी सूची के आधार पर छात्रों को सम्मानित किया जाता है.
इस वर्ष आसनसोल के बाद 16 जून को सृजनी हॉल, सिटी सेंटर (दुर्गापुर) में तथा 17 जून को बांकुड़ा जिला मुख्यालय के नतूनगंज में इस समारोह का आयोजन किया जायेगा. हर साल एक हजार से अधिक छात्रों को सम्मानित करने के कारण पूरे दक्षिण बंगाल में यह सबसे बड़ा शिक्षण समारोह बन कर उभरा है. किसी भी मीडिया के स्तर से इतने भव्य स्तर पर कोई आयोजन नहीं होता है. यही कारण है कि परीक्षा रिजल्ट निकलते ही सभी मेधावी छात्रों को इस आयोजन का इंतजार रहता है.
