पुरुलिया से हंसराज सिंह की रिपोर्ट
रसोई गैस की पाइपलाइन फटने से रविवार को पुरुलिया शहर के जीईएल चर्च के निकट स्थित कॉलोनी में एक घर में आग लग गई. इस घटना में परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए. आग लगने से घर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया. जानकारी के अनुसार, संबंधित घर में हाल ही में गैस कनेक्शन लगाया गया था. परिवार का आरोप है कि कनेक्शन मिलने के महज एक सप्ताह के भीतर ही रसोईघर में गैस की पाइपलाइन फट गई, जिससे अचानक आग लग गई.
गीले कंबल की मदद से आग बुझाने का प्रयास
घर की एक महिला सदस्य ने गीले कंबल की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका.इसके बाद तत्काल दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. पुरुलिया सदर थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची. परिवार का आरोप है कि गैस कनेक्शन की सुरक्षा व्यवस्था की जांच जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो.
पश्चिम बंगाल की अन्य महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
परिवार के लोगों में भय का माहौल
घटना के बाद परिवार के लोगों में भय का माहौल है. परिवार की महिला सदस्य ने गैस पाइपलाइन के कनेक्शन की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था. उन्होंने मांग की कि गैस कनेक्शन देने से पहले उपभोक्ताओं को इसके सुरक्षित इस्तेमाल और आपात स्थिति में उठाए जाने वाले कदमों का प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए.
Also Read: पश्चिम बंगाल बनेगा देश का ‘सीड हब’, खुलेंगे चार कृषि प्रशिक्षण एवं अनुसंधान केंद्र
