कोलकाता: भाजपा में शामिल बालीवुड के डिस्को डांसर गायक बप्पी लाहिड़ी ने कहा है कि मैं देश भर में भाजपा के लिए प्रचार करूंगा. पार्टी के आलाकमान जहां भी बोलेंगे वहां पार्टी के लिए प्रचार करने के लिए कटिबद्ध हूं.
बनारस भी प्रधानमंत्री पद के भाजपा उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के लिए प्रचार करूंगा. बप्पी लाहिड़ी ने ये बातें गुरुवार को बीडन स्ट्रीट के निकट उत्तर कोलकाता से भाजपा के उम्मीदवार व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राहुल सिन्हा के प्रधान चुनाव कार्यालय के उदघाटन मौके पर कहीं. श्री लाहिड़ी ने कहा कि मैं खुद लोकसभा चुनाव लड़ना चाहता हूं. कहां से लड़ेंगे, यह तय नहीं हुआ है. मुंबई हो या पश्चिम बंगाल पार्टी जहां से टिकट देगी मैं चुनाव लड़ने के लिए तैयार हूं. मोदी ही भारत का विकास कर सकते हैं, जबकि बंगाल में उत्तर कोलकाता के उम्मीदवार और प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष राहुल सिन्हा एक जुझारू व कर्मठ नेता हैं.
समारोह पर प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा, भाजपा नेता व लोकसभा चुनाव के उम्मीदवार तपन सिकदर, तथागत राय, पार्षद मीना देवी पुरोहित, सुनीता झंवर, विजय ओझा, उत्तर पश्चिम कोलकाता जिला भाजपा अध्यक्ष किशन झंवर, उत्तर पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष उमाशंकर अग्रवाल, जिला महासचिव व मीडिया प्रभारी मानव शर्मा सहित अन्य हजारों की संख्या में भाजपा समर्थक व स्थानीय लोग उपस्थित थे. मानव शर्मा ने बताया कि शुक्रवार की शाम को चार बजे से राहुल सिन्हा के समर्थन में राजाबाजार से सेंट्रल एवेन्यू राम मंदिर तक पदयात्र निकाली जायेगी.
