जलपाईगुड़ी. क्रिकेट बॉल लगने से 11 वर्षीय एक स्कूल छात्र अर्जुन अधिकारी की मौत हो गयी. इस घटना के बाद पूरे जलपाईगुड़ी में शोक की लहर है. क्रिकेट बॉल लगने से घायल हालत में उसे जलपाईगुड़ी सदर अस्पताल लाया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. परिवारवालों ने अस्पताल पर चिकित्सा में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है. इसे लेकर जलपाईगुड़ी थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज करायी गयी है.
क्या है घटना : :मृतक की मां पारसी अधिकारी ने बताया है कि अर्जुन घर के सामने ही मैदान में अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था. उसी दौरान उसके माथे में दाहिनी ओर क्रिकेट की बॉल आ लगी. उसने मैदान में ही उल्टियां शुरू कर दी. कुछ देर बाद सबकुछ ठीक हो गया. जब वह घर लौटा, तो एक बार फिर से उसे उल्टी होने लगी. गुरुवार शाम करीब छह बजे उसे जलपाईगुड़ी सदर अस्पताल में भरती कराया गया. शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गयी. मृतक की मां ने अस्पताल पर चिकित्सा में लापरवाही का आरोप लगाया है. मृतक का घर रानीनगर के बरूआपाड़ा इलाके में है. पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है. मृतक अर्जुन के चाचा रवींद्रनाथ अधिकारी का कहना है कि अस्पताल में भरती कराने के बाद भी डॉक्टरों ने उसकी चिकित्सा शुरू नहीं की. इसी वजह से भतीजे की मौत हुई है. चिकित्सा में लापरवाही को लेकर कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी है. इधर, कोतवाली थाने के आइसी ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है.
दूसरी ओर जिले के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर जगन्नाथ सरकार का कहना है कि उन्हें इस मामले की लिखित या मौखिक शिकायत नहीं की गयी है. हालांकि उन्होंने इस बारे में सुना है. यह काफी दुर्भाग्यजनक है. उन्होंने भी मामले की जांच का आश्वासन दिया है.
