कोलकाता: माकपा के पूर्व विधायक हिदायतुल्ला चौधरी के बेटे हमीदुल्ला की गाड़ी के धक्के से चार लोगों की मौत हो गयी. घटना बर्दवान के मंटेश्वर की है. हादसा शुक्रवार देर रात हुआ. घायलों में से दो ने बीती रात ही दम तोड़ दिया था. शनिवार को बर्दवान मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में और दो व्यक्तियों की मौत हो गयी. हादसे में कुल सात लोग घायल हुए हैं. बाकी तीन की चिकित्सा चल रही है.
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना मंटेश्वर के कुसुम पंचायत के जयरामपुर पुल के पास हुई. मालडंगा मेमारी रोड के करीब धान से लदा एक ट्रैक्टर खड़ा था. उस वक्त कुसुमग्राम की ओर से मंटेश्वर की तरफ तेज गति से एक गाड़ी ने आकर ट्रैक्टर को धक्का मारा. इससे ट्रैक्टर करीब के तालाब में पलट गया.
ट्रैक्टर पर बैठे सात श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को पुलिस ने मंटेश्वर अस्पताल पहुंचाया. रास्ते में ही जुरानी मुर्मू (18) और फुलिन सोरेन (20) की मौत हो गयी. सुबह दो अन्य श्रमिकों ने दम तोड़ दिया. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक गाड़ी माकपा के पूर्व विधायक हिदायतुल्ला चौधरी के बेटे हमीदुल्ला की है. पूर्व बर्दवान के पुलिस अधीक्षक कुणाल अग्रवाल ने बताया कि गाड़ी में हमीदुल्ला के साथ मोहम्मद शाहिद नामक युवक भी था. हादसे में शाहिद को भी चोट लगी है. बर्दवान मेडिकल कॉलेज से छूटने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. शाहिद ने पुलिस को बताया है कि गाड़ी हमीदुल्ला चला रहा था और दोनों ने ही शराब पी हुई थी. हादसे के बाद से हमीदुल्ला फरार है.
