कोलकाता: कोलकाता पुलिस के लिए चुनाव आयोग का एक निर्देश बड़ा सिरदर्द बन गया है. राज्य चुनाव आयोग ने चुनाव के दिन कांस्टेबलों से दूसरे थाना क्षेत्र में डय़ूटी कराने का निर्देश दिया है. नये इलाके में ड्यूटी की जानकारी कांस्टेबलों को चुनाव के 24 घंटे देना होगा. इसके पहले तक यह निर्देश गुप्त रखना होगा. इस निर्देश ने कोलकाता पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को सकते में डाल दिया है. वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि हाल ही में चुनाव की तिथि की घोषणा के पहले सभी थानों में तकरीबन 350 एस आई व एएसआई को इधर से उधर भेजा गया है.
कोलकाता पुलिस में 20 हजार कांस्टेबल व दो हजार होमगार्ड 69 थानों में ड्यूटी करते हैं. लिहाजा इतने बड़े फोर्स को इधर से उधर करने के अलावा इनके काम में नजर रखना एक बड़ी चुनौती होगी. ज्ञात हो कि कोलकाता पुलिस के इलाके में आने वाले 69 थाने में आगामी 12 मई को चुनाव होना है.
संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) राजीव मिश्र ने बताया कि अगर इस तरह के किसी भी निर्देश की कॉपी उन्हें मिलती है तो उस पर अमल किया जायेगा.
