तीसरा मोरचा महज पार्किंग लॉट : वेंकैया नायडू

कोलकाता: आगामी लोकसभा चुनाव में तीसरा मोरचा की भूमिका को लेकर भाजपा के आला नेता एम वेंकैया नायडू ने कहा कि तीसरा मोरचा महज एक पार्किग लॉट जैसी है, जहां पार्टियां आती हैं और जाती हैं. केंद्र में उसकी सरकार बनने के कोई आसार नहीं. तीसरे मोरचे के लिए केंद्र में सरकार बनाना मृगतृष्णा है, […]

कोलकाता: आगामी लोकसभा चुनाव में तीसरा मोरचा की भूमिका को लेकर भाजपा के आला नेता एम वेंकैया नायडू ने कहा कि तीसरा मोरचा महज एक पार्किग लॉट जैसी है, जहां पार्टियां आती हैं और जाती हैं. केंद्र में उसकी सरकार बनने के कोई आसार नहीं.

तीसरे मोरचे के लिए केंद्र में सरकार बनाना मृगतृष्णा है, क्योंकि पहले भी इसकी कोशिश की जा चुकी है और इसका अंत नाकामी में हुआ. तीसरे मोरचे की पार्टियों का कोई साझा एजेंडा नहीं है, उनकी कोई प्रतिबद्धता नहीं है. उन्होंने कहा, ‘वे एक दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे और बाद में भाजपा को रोकने के लिए एक साथ हो जायेंगे. उनका कोई नेता नहीं हैं. हर कोई प्रधानमंत्री बनना चाहता है.’

लोकसभा चुनाव के पहले तैयारियों को लेकर बंगाल में जिला अध्यक्षों व कार्यकर्ताओं से बैठक करने के लिए वेकैंया नायडू आये थे. बैठक समाप्त होने के बाद वे पत्रकारों से मुखातिब हुए, जहां उन्होंने केंद्र में नरेंद्र मोदी की अगुवाई में सरकार बनने के प्रति आश्वासन जताया है.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व वाली संप्रग सरकार के 10 वर्षो के शासनकाल के दौरान महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महिलाओं पर बढ़ने वाले आपराधिक मामले, खाद्य असुरक्षा, औद्योगिक निवेश नहीं हो पाना, रुपये का लगातार गिरना, वित्तीय संकट जैसे कई ऐसे मुद्दे हैं, जिसकी वजह से कांग्रेस जनता के कटघरे में है. भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि तीसरे मोरचे की सदस्य पार्टियां भी कांग्रेस नीत संप्रग के क्रियाकलापों के लिए जिम्मेदार हैं, क्योंकि वे दो कार्यकाल तक उसकी समर्थनकारी पार्टियां रही हैं. ऐसे में भाजपा ही अंतिम विकल्प है. समस्याएं कई हैं, लेकिन विकास के प्रति भाजपा प्रतिबद्ध है.

इधर, मुख्यमंत्री व तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी और अन्ना हजारे के बीच समझौते के प्रश्न पर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव में इसका कोई असर नहीं पड़ेगा. तृणमूल कांग्रेस की ओर से किये गये कथित दावे जिसमें कहा गया है कि लोकसभा चुनाव में पार्टी तीसरा बड़ा नेतृत्व के रूप में उभरेगी, इस पर श्री नायडू ने कहा कि बंगाल में कुल 42 सीटें हैं, ऐसे में ऐसा दावा कितना सटीक है, यह तो जनता ही तय करेगी. उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) की भी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि आप कांग्रेस की बी-टीम है. नयी दिल्ली में कांग्रेस का समर्थन लेने के बाद वह अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है. गुजरात में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हिरासत में लिए जाने के बाद आप और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई भिड़ंत की घटना को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के पहले माहौल बिगाड़ने के इरादे में आप कार्यकर्ता ऐसा कर रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >