कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस ने कांग्रेस के साथ किसी तरह के चुनावी तालमेल की संभावना को खारिज करते हुए बुधवार को लोकसभा चुनाव के लिए राज्य की सभी 42 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिये. उम्मीदवारों में फुटबॉल खिलाड़ी बाइचुंग भूटिया और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी समेत 26 नये चेहरे शामिल हैं. अभिषेक बनर्जी तृणमूल युवा कांग्रेस के प्रमुख हैं.
सुचित्र सेन की बेटी मुनमुन सेन को बांकुड़ा, सुभाष चंद्र बोस की पौत्री सुगता बोस को यादवपुर, ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी को डायमंड हार्बर, फुटबॉल खिलाड़ी बाइचुंग भुटिया को दाजिर्लिंग, कांग्रेस नेता प्रियरंजन दासमुंशी के भाई सत्य रंजन दासमुशी को रायगंज, गायक इंद्रनील सेन को बहरमपुर, अदाकारा संध्या राय को मेदिनीपुर और फिल्म जगत के देब (दीपक अधिकारी) को घाटाल से उम्मीदवार बनाया गया है. पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी ने तीन अन्य राज्यों की कुछ सीटों के लिए भी उम्मीदवारों की घोषणा की. सूची में चार मौजूदा सांसद शामिल नहीं किये गये हैं. पार्टी ने इस बार 11 महिलाओं को भी चुनाव मैदान में उतारा है. कुछ गायकों को भी सूची में जगह मिली है.
पूर्व रेल मंत्री दिनेश त्रिवेदी को बैरकपुर सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है. ममता ने त्रिपुरा की दो, झारखंड की दो और मणिपुर की दो लोकसभा सीटों के लिए भी उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की. ममता ने कहा कि पश्चिम बंगाल की 42 सीटों में तृणमूल कांग्रेस के बैनर तले 26.19} महिला व अल्पसंख्यक समुदाय के सात उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे गये हैं. पांच चरणों में चुनाव होने के मुद्दे पर सुश्री बनर्जी का कहना था कि इससे उन्हें कोई दिक्कत नहीं है. यह सही है कि चुनाव एक ही दिन हो जाता तो बेहतर था. लेकिन इससे उन्हीं को लाभ होगा. प्रचार के लिए अधिक वक्त मिलेगा. इससे पहले भी 2011 का विधानसभा चुनाव पांच चरणों में हुआ था. इसमें उन्हें भारी सफलता हासिल हुई थी. उन्होंने बताया कि चुनावी घोषणा पत्र जल्द जारी कर दिया जायेगा. इसमें अन्ना हजारे द्वारा उठाये गये बिंदुओं को भी शामिल किया गया है. उसे अंतिम रूप देने से पहले उन्हें भी दिखाया जायेगा.
दूसरे राज्यों में भी लड़ेगी तृणमूल
ममता ने बताया कि झारखंड में और उम्मीदवार खड़े किये जायेंगे. कई अन्य राज्यों में भी वह उम्मीदवार खड़े करेंगी. इनमें बिहार, उत्तर प्रदेश और गुजरात भी शामिल हैं. फिल्म अभिनेता विश्वजीत ने पार्टी के टिकट पर दिल्ली से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है. पार्टी की ओर से इस पर विचार किया जा रहा है.
झारखंड के बारे में क्या कहा ममता ने
ममता ने बताया कि झारखंड में दो विधायक उनके साथ आ गये हैं. वे चाहते तो सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ला सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया. चुनाव के ठीक पहले वह ऐसा नहीं करना चाहती, लेकिन झारखंड में उनकी शक्ति बढ़ रही है.
उप चुनाव के लिए तृणमूल प्रत्याशी
तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने विधानसभा क्षेत्रों में होनेवाले उपचुनाव के लिए भी पार्टी के उम्मीदवारों की सूची जारी की है. शांतिपुर से अजय दे, मैनागुड़ी से अनंत देव अधिकारी, कोतलपुर से श्यामल सांतरा, कलसी से गौर मंडल और चाकदा से रत्ना घोष को उम्मीदवार बनाया गया है.
