कोलकाता: लोकसभा चुनाव का बिगुल बजने से पहले तृणमूल कांग्रेस की सरकार ने विभिन्न योजनाओं की झड़ी लगा दी है. मुख्यमंत्री ने राज्य सचिवालय नवान्न भवन से ही रिमोट कंट्रोल से इन परियोजनाओं का उदघाटन किया.
गौरतलब है कि अगले कुछ दिनों में ही लोकसभा चुनाव की घोषणा हो सकती है. घोषणा होते ही यहां मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट (एमसीसी) लागू हो जायेगा. इसके बाद राज्य सरकार किसी भी योजना की घोषणा नहीं कर सकती.
मौके पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि सभी योजनाओं का काम पूरा करने के लिए सरकार ने प्रशासनिक कैलेंडर लांच किया है. योजनाओं को हर कीमत पर समय पर पूरा किया जायेगा. राज्य में विकास की धारा बहने लगी है, अगर केंद्र सरकार यहां से वाममोरचा के समय लिये गये ऋण का ब्याज नहीं काटती तो यहां की स्थिति ही कुछ और होती. शनिवार को मुख्यमंत्री ने राज्य के करीब 10 से 12 विभागों के अंतर्गत की परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया. इनमें कृषि, कृषि विपणन, पिछड़ी जाति विकास विभाग, शिक्षा, स्वास्थ्य, सूचना व संस्कृति विभाग, नगरपालिका विभाग, अल्पसंख्यक व मदरसा शिक्षा, पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग व शहरी विकास इत्यादि शामिल हैं.
चार किसान मंडी का उदघाटन
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सिंगुर में तापसी मलिक किसान मंडी के साथ राज्य के विभिन्न जिलों में चार किसान मंडी का उद्घाटन किया. इसमें हुगली जिले के धनियाखाली, वीरभूम के सिउड़ी व मुर्शिदाबाद जिले के बहरमपुर में नयी मंडी खोली गयी हैं. मुख्यमंत्री ने कल्याणी में बस टर्मिनस, बारासात में हाउसिंग कॉम्पलेक्स, दाजिर्लिंग में जलापूर्ति योजना, गार्डेनरीच में दो फ्लाइओवर, साल्टलेक में नेताजी सुभाष ओपेन यूनिवर्सिटी के द्वितीय कैंपस सहित अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन किया. इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कई जिलों के एंबुलेंस जारी किया और एसएसकेएम हॉस्पिटल में महिलाओं के लिए 40 बेड वाले फीमेल वार्ड का उद्घाटन किया.
बंगाल ने पेश किया उदाहरण
केंद्र पर अपनी उपलब्धियों को बताने के लिए बड़े स्तर पर विज्ञापन देने पर मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बंगाल सरकार ने धन की कमी के बावजूद विकास करके दिखाया. उन्होंने कहा कि यह किसने किया? पश्चिम बंगाल ने, है न? राज्य में पोलियो का अंतिम मामला तीन चार साल पहले सामने आया था, जिसके बाद राज्य सरकार ने इसे जड़ से मिटा दिया.
उन्होंने कहा कि यहां अब पोलियो का कोई मामला नहीं है और इसलिए भारत को पोलियो मुक्त होने का प्रमाण पत्र मिला. इसका श्रेय पश्चिम बंगाल को जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि इसने उदाहरण पेश किया कि धन के बगैर विकास कार्यों को आगे कैसे बढ़ाया जाये. हमने उचित दाम वाली दवाओं की दुकान और स्वास्थ्य केंद्र जैसे मॉडल तैयार किये. ममता ने कहा कि यूनेस्को के विश्व धरोहर स्थल सुंदरवन द्वीप समूह पर सड़कें बनायी जायेगी.
शुरू हुईं ये परियोजनाएं
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को नवान्न भवन से 10-12 विभागों के अंतर्गत कई परियोजनाओं का उदघाटन किया.
राज्य में विभिन्न स्थानों पर 62 नलवाही जलापूर्ति योजनाएं
नवनिर्मित वातानुकूलित नजरुल मंच
विभिन्न स्कूलों में छात्राओं के लिए 50 बेड के 27 छात्रवास व विद्यालय भवन
सिंगूर में तापसी मालिक किसान मंडी व तीन अन्य बाजारों का उदघाटन
कृष्णनगर व बांकुड़ा में राज्य बीज परीक्षण शाला
हाजी मोहम्मद मोहसीन स्क्वॉयर में आलिया विश्वविद्यालय के मुख्य कैंपस के नवनिर्मित भवन में बीएड व इसलामिक धर्मशास्त्र व एंग्लो पर्शियन विद्यालय के उच्च माध्यमिक विभाग में पाठ्यक्रम
वक्फ बोर्ड के अंतर्गत मुसलिम छात्रवास
पश्चिम मेदिनीपुर की रामजीवनपुर जलापूर्ति योजना
एसएसकेएम अस्पताल में आइसीयू व केबल वार्ड
एसएसकेएम अस्पताल में रोगियों के परिजनों का प्रतीक्षालय
जिन परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास
नगरपालिका विभाग
दाजिर्लिंग, गोबराडांगा, धूपगुड़ी व मेमारी में जलापूर्ति योजना
बागबाजार में मायेरबाड़ी व चंदननगर में दरिद्र शहरवासियों के लिए आवासन योजना
गार्डेनरीच-काटापुकुर में फ्लाइओवर का शिलान्यास
लोक निर्माण विभाग
नामखाना से बकखाली जाने के मार्ग पर हथनिया-दोआनिया नदी पर सेतु
वितरण
एंबुलेंस, छात्राओं के लिए साइकिल, कृषक रत्न, लोक कलाकारों को परिचयपत्र व वित्तीय सहायता, स्कॉलरशिप
