कोलकाता : राज्य के परिवहन मंत्री मदन मित्रा ने बताया कि अब सभी टैक्सियों पर नो रिफ्यूजल लिखा होगा. यानी कोई भी टैक्सी चालक किसी यात्री को कहीं ले जाने से इनकार नहीं कर सकता. यदि कोई टैक्सी चालक नियम का पालन नहीं करती है तो उसे सीएफ (सर्टिफिकेट ऑफ फिटनेस) नहीं दिया जायेगा. श्री मित्रा ने बताया कि जिन टैक्सियों में फिलहाल नो रिफ्यूजल लिखा गया है, उन्हें स्टैंड पर अपनी टैक्सी खड़ी करने में भी दिक्कत हो रही थी. अब सभी टैक्सियों को नो रिफ्यूजल लिखना होगा.
नो रिफ्यूजल टैक्सी के दोनों दरवाजों के बीच में सात गुणा सात सेंटीमीटर आकार में नीले रंगे से लिखना होगा. यदि किसी चालक की तबीयत खराब है या उसके खाने का समय है तो वह उससे संबंधित बत्ती को अपनी टैक्सी में जला देगा. ऑटो चालकों की समस्याओं को दूर करने के लिए परिवहन विभाग की ओर से विधाननगर पुलिस की सहायता से 15 दिनों का एक कैंप लगाया जायेगा. जहां ऑटो को लाइसेंस देने की प्रक्रिया होगी. महानगर में करीब एक लाख ऑटो है. श्री मित्रा ने यह भी बताया कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने सीटीसी के साथ करार किया है. इसके तहत वह सीटीसी के 100 ट्राम को नीले व सफेद रंग में रंगेंगे.
