कोलकाता: लोकसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने राज्य के वित्त व उद्योग मंत्री अमित मित्र को पार्टी प्रवक्ता नियुक्त किया है.
तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव मुकुल राय ने बताया कि अमित मित्र को पार्टी का प्रवक्ता नियुक्त किया गया है और पार्टी के राज्यसभा सदस्य डेरेक ओ ब्रायन उनका सहयोग करेंगे. पार्टी के एक सूत्र ने बताया कि तृणमूल कांग्रेस ने मीडिया से राष्ट्रीय स्तर पर बातचीत करने के लिए मित्र और ओ ब्रायन को प्रवक्ता नियुक्त किया है.
सूत्रों ने बताया कि मुकुल राय पार्टी के अखिल भारतीय महासचिव के तौर पर संगठनात्मक मामलों की निगरानी करते रहेंगे. श्री मित्र को ऐसे समय में पार्टी प्रवक्ता बनाया गया है, जब ममता लोकसभा चुनाव के बाद केंद्र में निर्णायक भूमिका निभाने के प्रयास में हैं व उन्होंने बंगाल के बाहर प्रचार अभियान की मंगलवार को त्रिपुरा से शुरुआत कर दी.
