कोलकाता: अन्ना हजारे ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से फोन पर बात की और दिल्ली में अगले सप्ताह दोनों मिलकर लोकसभा चुनावों के लिए प्रचार की रणनीति बनाएंगे.
तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओब्रायन ने शुक्रवार को बताया कि इसमें करीब दस राज्यों के लिए विस्तृत अभियान रणनीति पर ध्यान दिया जायेगा. राज्यसभा सदस्य ने कहा कि यह दोनों ऐसी हस्तियों के दीर्घकालिक रिश्तों के अध्याय की शुरुआत है जो सादगी के सवाल पर और जनता के लिए काम करने के मकसद से मिल रहे हैं. हजारे ने तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष से बात की है.
साहित्यकार महाश्वेता देवी द्वारा ममता की सराहना किये जाने का जिक्र करते हुए डेरेक ने कहा कि अन्नाजी ने गर्मजोशी से उनका समर्थन किया. हजारे ने गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष को ‘उम्मीद की किरण’ बताते हुए उनकी तारीफ की थी और कहा कि वह दिल्ली में मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और पूरे देश में तृणमूल उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे.
