कोलकाता: एक एंग्लो इंडियन महिला के साथ चलती कार में दुष्कर्म की घटना के बाद फिर एक बार पार्क स्ट्रीट इलाका सुर्खियों में है. बुधवार रात एक ही इलाके के एक ही रास्ते पर फिर एक एंग्लो इंडियन युवती को सरेआम छेड़खानी का शिकार होना पड़ा. घटना बुधवार शाम को एक पांच सितारा होटल के पास फुटपाथ पर घटी. पीड़िता की शिकायत पर पार्क स्ट्रीट थाने की पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है. जिनके नाम रॉगर मेगोवर (35) और प्रेडरिक नरूला उर्फ लैरी (34) बताये गये है. दोनों बेल्जियम के रहनेवाले है. कम के सिलसिले में तिलजला इलाके के रहते है. इनमें से एक पार्क स्ट्रीट में एक होटल का कर्मचारी है. जबकि दूसरा युवक एक निजी कंपनी में काम करता है. दोनों को गुरुवार सुबह अलीपुर कोर्ट में पेश करने पर अदालत ने उन्हें 14 दिनों के लिए जेल हिरासत में भेज दिया गया.
क्या था मामला
30 वर्षीय पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पार्क स्ट्रीट इलाके में वह एक निजी कंपनी में काम करती है. काम के सिलसिले में बुधवार शाम को वह 15 नंबर पार्क स्ट्रीट स्थित एक कंपनी में पहुंची थी. काफी देर से शराब के नशे में धुत होकर दो युवक उनका पीछा कर रहे थे. कंपनी के अंदर जाते ही वे दोनों वहां भी पहुंच गये. वहां से ऑफिस का काम खत्म कर वह बाहर निकली तो दोनों ने उसे घेर लिया. शराब के नशे में दोनों ने उनके साथ कई बार अश्लील हरकतें भी की. पीड़िता का आरोप है कि आसपास से गुजर रहे किसी भी व्यक्ति ने बीच-बचाव की कोशिश नहीं की.
इधर 15 नंबर पार्क स्ट्रीट में सड़क पर एक युवती को दो युवकों द्वारा काफी देर से परेशान करते देख ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस का सर्जेट पीड़िता के पास पहुंचा. युवती ने उस पुलिस कर्मी को देखते ही उन दोनों द्वारा सरेआम उनके साथ छेड़खानी किये जाने की बात कही. जिसके बाद पार्क स्ट्रीट थाने के पुलिस कर्मियों को इसकी जानकारी दी गयी. जहां शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया. इधर गिरफ्तार युवकों में रॉगर मेगोवर ने पुलिस को बताया कि पीड़िता उसकी प्रेमिका है. छह वर्षो से दोनों के बीच प्रेम संबंध था. कुछ दिनों से एक अन्य युवती के साथ संबंध का आरोप लगाने के बाद दोनों के बीच रिश्ता टूट गया था.
