कोलकाता: कहने को तो कोलकाता में काफी कुछ बदल गया है, पर कुछ घंटे की मूसलधार बारिश ने एक बार फिर इस शहर की उसी पुरानी तसवीर को सामने ला खड़ा किया. करोड़ों रुपये खर्च कर महानगर की निकासी व्यवस्था को विकसित करने के दावे की बारिश ने पोल खोल कर रख दी. उत्तर से लेकर दक्षिण व पूर्व से लेकर पश्चिम तक पूरे कोलकाता में एक ही तसवीर नजर आयी.
यहां तक कि कोलकाता नगर निगम के मुख्यालय से कुछ कदम की दूरी पर एसएन बनर्जी रोड पर स्थित बिग बाजार के पास फुटपाथ पानी में डूब गया था. महानगर में राजनीतिक हलचल के नये केंद्र के रूप में सामने आया वाइ रोड का काफी हिस्सा भी पानी में डूब गया था.
सबसे खराब स्थिति उत्तर कोलकाता व बेहला में देखने को मिली. अमहस्र्ट स्ट्रीट, विवेकानंद रोड, सेंट्रल एवेन्यू, बड़ाबाजार, काशीपुर, ठनठनिया, उल्टाडांगा, कांकुड़गाछी, गरियाहाट, रासबिहारी एवेन्यू आदि इलाकों में सवेरे से ही घुटने भर पानी जम गया था. मैदान इलाका भी एक तालाब का दृश्य पेश कर रहा था. बेहला की हालत देख कर तो किसी बड़े झील की याद आ रही थी. पार्क सर्कस, तपसिया, तिलजला, टेंगरा इत्यादि इलाकों की हालत भी जल जमाव ने खस्ता कर रखी थी.
