कोलकाता: पंचायत चुनाव की मतगणना सोमवार को होगी. इसमें करीब 1.69 लाख उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा. साथ ही यह भी साफ हो जायेगा कि जिलों की त्रिस्तरीय व्यवस्था ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद पर किस दल की दावेदारी प्रबल होगी. सोमवार की सुबह करीब आठ बजे मतगणना शुरू हो जायेगी. महिला उम्मीदवारों की संख्या 90 हजार है. पांच चरणों को मिलाकर करीब 84.56 प्रतिशत मतदान हुए थे.
राज्य के 329 ब्लॉकों के अंतर्गत आने वाले स्कूलों और कॉलेजों में मतगणना होंगे. चुनाव आयोग सूत्रों के अनुसार मतगणना की पूरी प्रक्रिया मंगलवार को समाप्त होने की संभावना है. पंचायत चुनाव के बाद जिले भर में हिंसक घटनाएं हो रही हैं. इसी बाबत राज्य की मुख्य चुनाव आयुक्त मीरा पांडेय ने 17 जिलों के पुलिस अधीक्षकों व प्रशासनिक अधिकारियों को मतगणना के दौरान सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था करने का निर्देश दिया है. केंद्रों के करीब 200 मीटर के दायरे में 144 धारा जारी रहेगी.
चुनाव आयोग ने बताया कि ग्राम पंचायत की 48,800 सीटें, पंचायत समिति की 9,240 व जिला परिषद की 825 सीटों के लिए होनेवाली मतगणना के लिए त्रिस्तरीय व्यवस्था की गयी है. छह जिलों में सरकारी कर्मियों की कमी सामने आयी है, जिसे आयोग ने सुलझाने का दावा किया है. मतगणना केंद्रों में मोबाइल फोन पर पाबंदी होगी. सोमवार की सुबह से ही एसएन सरणी स्थित राज्य चुनाव आयोग के कार्यालय के कंट्रोल रूम से मतगणना पर नजर रखी जायेगी. वहां प्रोजेक्टर से चुनाव के नतीजों की जानकारी दी जायेगी.
उत्तर 24 परगना में कड़ी सुरक्षा : जिले के मतगणना केंद्रों पर केंद्रों पर सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गयी है. जिले के ग्राम पंचायत के 3570 ग्राम पंचायत प्रधान, 591 पंचायत समिति व 57 जिला परिषदों के भाग्य का फैसला होगा.
