मंत्री मदन मित्रा की गिरफ्तारी पर भड़की ममता, बोली हिम्मत है तो मुझे गिरफ्तार करो
कोलकाता: केंद्र सरकार पर करारा हमला करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सारधा घोटाले में आज राज्य के परिवहन मंत्री मदन मित्र की गिरफ्तारी को ‘राजनीतिक बदला‘ और भाजपा की ‘गंदी साजिश’ करार देते हुए राजग सरकार को चुनौती दी कि अगर हिम्मत है तो उन्हें गिरफ्तार करके दिखाए. बनर्जी ने यहां […]
कोलकाता: केंद्र सरकार पर करारा हमला करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सारधा घोटाले में आज राज्य के परिवहन मंत्री मदन मित्र की गिरफ्तारी को ‘राजनीतिक बदला‘ और भाजपा की ‘गंदी साजिश’ करार देते हुए राजग सरकार को चुनौती दी कि अगर हिम्मत है तो उन्हें गिरफ्तार करके दिखाए.
बनर्जी ने यहां राज्य सचिवालय में संवाददाताओं से कहा, ‘‘जो कुछ हुआ वह गैर कानूनी और असंवैधानिक है. यह लोकतांत्रिक संस्थाओं को बर्बाद करने वाला एक खतरनाक कदम है. मेरी सरकार कठोरतम शब्दों में मदन मित्रा की गिरफ्तारी की निंदा करती है.’’
गुस्से से भभकती ममता ने कहा, ‘‘यह एक साजिश है, एक बहुत गंदी साजिश, मैं प्रधानमंत्री से कहती हूं कि वह पहले मुझे जेल में डालें. उन्हें (मित्र को) गवाह के तौर पर बुलाया गया था और कुछ ही घंटों में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया, क्या यह राजनीतिक बदला नहीं है?’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं एसएसकेएम अस्पताल में मदन से मिलने जाउंगी (जब चिकित्सा जांच के लिए उन्हें वहां ले जाया जाएगा). नरेन्द्र मोदी और अमित शाह के अख्तियार में जितनी भी पुलिस है उससे मुङो गिरफ्तार करके दिखाएं.’’ भाजपा नेतृत्व और उसके अध्यक्ष अमित शाह पर पूरी ताकत से हमला बोलते हुए तृणमूल कांग्रेस की तेजतर्रार नेता ने कहा, ‘‘हम उनके मुखौटे उखाड फेंकेंगे, हम दिल्ली में उनसे लडेंगे.’’
अमित शाह को निशाना बनाते हुए ममता ने कहा, ‘‘एक ऐसा व्यक्ति जो खुद सीबीआई द्वारा गिरफ्तार और आरोपित किया गया, वह हमपर उंगली उठा रहा है.’’ बनर्जी ने कहा, ‘‘यह साफ साफ राजनीतिक बदला है. देश के धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक और संघीय ताने बाने को बर्बाद किया जा रहा है.’’ उन्होंने मित्र की गिरफ्तारी को अवैध, असंवैधानिक और असभ्य करार दिया.
उन्होंने कहा कि तृणमूल सरकार इस मामले पर कल से सडकों पर उतरेगी. उन्होंने संसद में यह मामला उठाने की धमकी दी. ममता ने दावा किया, ‘‘उन्होंने बडी चतुराई से मदन को शुक्रवार के दिन गिरफ्तार किया क्योंकि सप्ताहांत में संसद बंद रहेगी.’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारत में हालात अब आपातकाल जैसे हो गए हैं, नई लडाई छिड गई है. हमें आपकी चुनौती मंजूर है, मेरी सरकार मदन मित्रा की गिरफ्तारी की कठोरतम शब्दों में निंदा करती है.’’ उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एक कायर और तानाशाह की तरह व्यवहार कर रही है, यह खतरनाक और विनाशकारी खेल है.’’
बंगाल की मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘बंगाल के लोग मेरी पूंजी है, अगर केंद्र किसी एक व्यक्ति को भी गैरकानूनी तरीके से गिरफ्तार करेगा, तो मैं विरोध करुंगी.’’ यह दावा करते हुए कि भाजपा सरकार की हरकतें इंदिरा गांधी के प्रधानमंत्री काल में लगाए गए आपातकाल से भी बदतर हैं, उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने (मित्रा ने) संविधान की शपथ ली है. वह मंत्रिमंडल में मेरे सहयोगी हैं. उन्होंने शपथ ली है कि वह कोई असंवैधानिक काम नहीं करेंगे.’’
मित्रा की गिरफ्तारी शाह और सीबीआई के बीच बैठक में तय हुई : टीएमसी
कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस ने आज कहा कि सारधा घोटाला मामले में सीबीआई द्वारा राज्य के परिवहन मंत्री मदन मित्रा की गिरफ्तारी राजनीति से प्रेरित है. पार्टी ने आरोप लगाया कि इस बारे में भाजपा अध्यक्ष की ‘‘सीबीआई से मुलाकात’’ के दौरान यह फैसला किया गया.
राज्य के पंचायत मंत्री सुब्रत मुखर्जी ने राज्य सचिवालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘यह गिरफ्तारी राजनीति से प्रेरित है. भाजपा बदले की राजनीति कर रही है. इसके गंभीर परिणाम होंगे. सीबीआई सिर्फ भाजपा द्वारा नहीं बल्कि इसके अध्यक्ष अमित शाह द्वारा चलाई जा रही है.’’ इस मौके पर शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी भी मौजूद थे.
मुखर्जी ने कहा, ‘‘जब अमित शाह हाल ही में कोलकाता आए थे, तब सीबीआई के साथ एक मुलाकात के दौरान मदन मित्रा की गिरफ्तारी के बारे में फैसला हुआ था.’’ ममता बनर्जी सरकार में सबसे वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री मुखर्जी मित्र की गिरफ्तारी की खबरों पर टिप्पणी कर रहे थे. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक के दौरान मित्रा की गिरफ्तारी की सूचना मिली.