कोलकाता. टैक्सी चालकों पर पुलिस के जुल्म विरोध में गुरुवार व शुक्रवार को हावड़ा में दो दिवसीय टैक्सी हड़ताल रहेगी. इस दौरान हावड़ा में टैक्सियां नहीं चलेंगी. इसके कारण महानगर में भी टैक्सी परिसेवा बाधित होने की आशंका है.
इसके साथ ही गुरुवार को एटक समर्थित टैक्सी संगठनों की ओर से हावड़ा ब्रिज व राजाकटरा के संयोग स्थल से दोपहर 12 बजे रैली निकाली जायेगी, जो हावड़ा ब्रिज होते हुए हावड़ा स्टेशन तक जायेगी और वहीं एक प्रतिवादी सभा में तब्दील हो जायेगी. इसके मद्देनजर गुरुवार को महानगर में टैक्सी सेवा प्रभावित होने की संभावना है. टैक्सी हड़ताल का आह्वान वेस्ट बंगाल टैक्सी ऑपरेटर्स को-ऑर्डिनेशन कमेटी (एटक समर्थित) तथा कोलकाता टैक्सी ऑपरेटर्स यूनियन (एटक) ने किया है.
वेस्ट बंगाल टैक्सी ऑपरेटर्स को-ऑर्डिनेशन कमेटी (एटक समर्थित) के संयोजक तथा कोलकाता टैक्सी ऑपरेटर्स यूनियन (एटक) के महासचिव नवल किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि इसके पहले परिवहन मंत्री के आश्वासन के बाद हावड़ा में टैक्सी हड़ताल को वापस ले लिया गया था, लेकिन परिवहन विभाग ने कोई कदम नहीं उठाया है. इस कारण वे लोग फिर आंदोलन के लिए बाध्य हो गये हैं. उन्होंने कहा कि हावड़ा में टैक्सी चालकों पर पुलिस जुल्म थमने का नाम नहीं ले रहा है.
टैक्सी चालक घूरन साव को पीटनेवाले पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए. इसके साथ ही शौचालय की असुविधा, पार्किग की समस्या, नो रिफ्यूजल के नाम पर जुर्माना से टैक्सी चालक परेशान है. ऐसी स्थिति में उन लोगों को आंदोलन के अलावा और कोई विकल्प नहीं बचा है, क्योंकि आंदोलन ही उन लोगों का अंतिम हथियार है. गुरुवार को निकाली जानेवाली में रैली में श्री श्रीवास्तव के अलावा एटक के महासचिव रंजीत गुहा, सचिव दिलीप गांगुली, कुबेर सिंह, केशव भट्टाचार्य के अलावा टैक्सी यूनियन के अन्य नेता शामिल होंगे.
