चार लाख रुपये के नकली नोट जब्त, सभी नोट दो-दो हजार रुपये के
कोलकाता : कोलकाता पुलिस के स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के सदस्यों ने स्ट्रैंड रोड से बुधवार दोपहर को चार लाख रुपये के जाली नोट संग मालदा के एक वृद्ध सप्लायर को गिरफ्तार किया है. पकड़े गये आरोपी का नाम अजीजुल शेख (64) है. उसके पास से जब्त सभी नोट दो-दो हजार रुपये के हैं.
एसटीएफ सूत्रों के मुताबिक उन्हें खबर मिली थी कि जाली नोट की मोटी रकम लेकर इसकी सप्लाई करने मालदा से एक सप्लायर कोलकाता आनेवाला है. इस जानकारी के बाद एसटीएफ की टीम विभिन्न जगहों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी. साउथ पोर्ट थाना क्षेत्र के जजेस घाट रोड के पास स्ट्रैंड रोड में एक वृद्ध की हरकतों पर संदेह हुआ. सख्ती से पूछताछ के बाद उसके पास मौजूद बैग की जांच करने पर अंदर से चार लाख रुपये के जाली नोट जब्त किये गये हैं. वह किसे ये रुपये सप्लाई करने आया था, इसका पता लगाकर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.
