29 जून को बंडेल स्टेशन के पांच नंबर प्लेटफार्म के पास हुई थी हत्या
दिनदहाड़े स्थानीय तृणमूल कांग्रेस के नेता को मारी गयी थी गोली
हुगली : बंडेल के तृणमूल कांग्रेस के नेता दिलीप राम की हत्या के मामले में चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट ने सुपारी किलर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. यह जानकारी संवाददाता सम्मेलन में पुलिस कमिश्नर हुमायूं कबीर ने दी.
इस दौरान एसीपी-1 जसप्रीत सिंह, डीसीपी चंदननगर के कानन, डीएसपी हेडक्वार्टर सलिल गांगुली, एसीपी डीडी गुलाम सरवर व चुंचुड़ा थाना के आइसी प्रदीप दा उपस्थित थे. इसके साथ ही दिलीप की पत्नी तथा बंडेल पंचायत के प्रधान नीतू सिंह भी उपस्थित थीं. इस दौरान पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इस मामले में पहले भी दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था. अब तक इस मामले में कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. गिरफ्तार लोगों में से एक उत्तर 24 परगना के टीटागढ़ निवासी मोहम्मद नसीम उर्फ गुड्डू है.
इस हत्याकांड में बैजनाथ राय (हैडक) तथा मंगल यादव को भी गिरफ्तार किया गया है. इन तीनों के पास से दो पाइपगन, एक 7 एमएम का पिस्तौल, चार 3 एमएम के जिंदा कारतूस, 7 एमएम का एक कारतूस का खोका बरामद किया गया है. साथ ही हत्या के दौरान इस्तेमाल किया गया फोन का कवर भी बरामद किया गया है. मंगल की मां शकुंतला देवी ने तीन लाख रुपये में दिलीप की हत्या करने का सुपारी दी थी. हत्या करने से पहले डेढ़ लाख रुपये दिये गये थे और डेढ़ लाख हत्या करने के बाद देने की बात थी.
पुलिस कमिश्नर ने इस गिरफ्तारी में देर होने के पीछे कारण बताते हुए कहा कि पुलिस जब भी इनलोगों को गिरफ्तार करने की कोशिश करती, इसकी गुप्त सूचना पुलिस के खुफिया विभाग के एएसआइ उत्पल गुप्त शकुंतला देवी को दे देता था. इस बात का खुलासा होने पर उस एएसआइ को सस्पेंड कर दिया गया है. हत्या के पीछे जमीन विवाद का मामला बताया गया है. उन्होंने बताया कि शकुंतला देवी एक व्यक्ति से आधा जमीन खरीद कर शादी का लौज बनायी थी और उसी जमीन का बाकी हिस्सा भी वह खरीदना चाहती थी. लेकिन उसका सही मूल्य देने को तैयार नहीं थी, इसलिए जमीन के मालिक ने दिलीप राम की मदद से जमीन को किसी अन्य को बेच दी. इसके कारण शकुंतला दिलीप राम से बदला लेना चाहती थी.
वहीं, दिलीप की पत्नी नीतू सिंह ने हत्या में भाजपा नेता के हाथ होने का आरोप लगायी थी. आरोप के आधार पर पुलिस ने भाजपा से जुड़े संजय मिश्रा और अर्जुन सिंह को गिरफ्तार किया था. उनकी गिरफ्तारी के बाद ही इससे हत्याकांड में और अधिक खुलासे हुए और तीन लोग गिरफ्तार किये गये. इस हत्या की साजिश रचनेवाली शकुंतला देवी और उसका छोटा बेटा आजाद अब भी फरार है. हालांकि पुलिस कमिश्नर ने इस हत्या को राजनीति से जुड़े होने की बात से इनकार किया, लेकिन पंचायत प्रधान नीतू सिंह का कहना है भाजपा ने ही हत्या की साजिश रची थी.
गौरतलब है कि बीते 29 जून को चुंचुड़ा थाना के बंडेल स्टेशन के पांच नंबर प्लेटफार्म के पास दिनदहाड़े स्थानीय तृणमूल कांग्रेस के नेता दिलीप राम की गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी.
