ज्यादा रुपये की लालच ने व्यवसायी से बना दिया अपराधी

कोलकाता :ज्यादा रुपये के लालच ने एक व्यवसायी को अपराधी बना दिया. कोलकाता के एक युवक को बातों के जाल में फंसाकर उसके बैंक अकाउंट से 49 हजार 972 रुपये ऑनलाइन गायब करने के आरोप में विधाननगर साइबर थाने की पुलिस ने झारखंड से प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के हाथ लगे आरोपी […]

कोलकाता :ज्यादा रुपये के लालच ने एक व्यवसायी को अपराधी बना दिया. कोलकाता के एक युवक को बातों के जाल में फंसाकर उसके बैंक अकाउंट से 49 हजार 972 रुपये ऑनलाइन गायब करने के आरोप में विधाननगर साइबर थाने की पुलिस ने झारखंड से प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के हाथ लगे आरोपी का नाम सुदामा सिंह (37 वर्ष) है.

वह लोहरदगा के नगर भवन के निकट पुराना शुक्रा बाजार में स्थित बीएड रोड का रहनेवाला है. उसे झारखंड के लोहरदगा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है. जिस मोबाइल फोन की मदद से उसने ठगी की वारदात को अंजाम दिया, उस फोन को भी उसके पास से जब्त कर लिया गया है. बुधवार को उसे विधाननगर के अतिरिक्त जिला न्यायाधीश की अदालत में पेश करने पर तीन दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया गया है.
पुलिस सूत्रों‍ के मुताबिक उत्तर 24 परगना के निवासी सजल महतो ने 27 जून को विधाननगर कमिश्नरेट के साइबर थाने में इसकी शिकायत दर्ज करायी थी. शिकायत में उन्होंने बताया कि अपनी मां के साथ वह सॉल्टलेक के विकास भवन में आया था. इसी समय उनके मोबाइल में अनजान नंबर से किसी ने फोन किया. फोन करनेवाले ने खुद को सरकारी बैंक का मैनेजर बताकर उनका बैंक अकाउंट जल्द बंद होने की जानकारी दी. इसके साथ यह भी कहा गया कि अगर वह अपने अकाउंट व एटीएम कार्ड की जानकारी दे देंगे, तो अकाउंट में उसे अपडेट कर दिया जायेगा, जिससे फिर अकाउंट बंद नहीं होगा.
सजल ने बताया कि वह फोन करनेवाले की बातों में आ गया और अपने बैंक अकाउंट की सारी जानकारी उन्हें बता दिया. इसके कुछ ही समय के अंदर दो ऑनलाइन ट्रांजेक्शन में उसके अकाउंट से 49 हजार 972 रुपये निकाल लिये गये. तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने इसकी शिकायत विधाननगर कमिश्नरेट के साइबर थाने में दर्ज करायी.
प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह झारखंड में रेडीमेड गारमेंट के साथ अन्य छोटा-मोटे व्यापार करता है. उसके कुछ दोस्त दूसरे राज्यों के लोगों को फोन कर बातों के जाल में फंसाकर अकाउंट से रुपये निकाल कर उन्हें ठगते थे. कुछ दिनों से व्यवसाय में रुपये की किल्लत होने के कारण वह भी ज्यादा रुपये की लालच में ठगी का यह धंधा शुरू कर दिया था. आरोपी अबतक कितने लोगों से रुपये ठग चुका है, उससे पूछताछ की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >