बदमाशोें ने पहले परिचय पूछा, फिर मांगे रुपये
नहीं देने पर हमला कर लूट लिये 20 हजार
कोलकाता : अपने रिश्तेदार की चिकित्सा के लिए कोलकाता आये एक बांग्लादेशी नागरिक के साथ मारपीट करते हुए कुछ बदमाशों ने हमला कर उसके सारे रुपये लूट लिये. इस घटना की शिकायत के बाद ही पुलिस ने देर रात दो लोगों को गिरफ्तार किया. आरोपियों के नाम संजय हालदार और सुमन सरकार हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पीड़ित बांग्लादेशी का नाम वासुदेव मंडल है. वह बांग्लादेश के खुलना का निवासी है.
घटना 22 जुलाई की रात करीब 10.15 बजे की है. बताया जाता है कि वासुदेव अपने एक रिश्तेदार की चिकित्सा के कुछ दिनों पहले ही कोलकाता आया है. वह घटना की रात न्यूटाउन के मृद्धा बाजार इलाके में कुछ सामान खरीदने के लिए गया था. इसी दौरान इलाके के कुछ लोगों ने उसे रोककर उसका परिचय पूछा और फिर उससे रुपये देने की मांग की. रुपये देने से इंकार करने पर उस पर उनलोगों ने हमला करते हुए उसे जख्मी कर दिया. फिर उसके पास मौजूद 20 हजार लूट लिये.
स्थानीय लोगों की मदद से पीड़ित को विधाननगर महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिर गत 24 जुलाई को ही उसने न्यूटाउन थाने में शिकायत दर्ज करायी.
पुलिस का कहना है कि पांच लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर मामले की जांच करते हुए पुलिस ने सोमवार रात न्यूटाउन इलाके से दो लोगों को गिरफ्तार किया. पूछताछ में दोनों ने गुनाह कबूल किया है. पुलिस गिरफ्तार दोनों के सहारे बाकी फरार आरोपियों की तलाश कर रही है.
चोरी के आरोप में एक गिरफ्तार
कोलकाता. करया थाना अंतर्गत बामुनपाड़ा इलाके में माता शेरावाली मंदिर से गहनों और दानपेटी की चोरी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है. आरोपी का नाम शेख राजा बताया गया है. उसके कब्जे से कुछ गहने बरामद कर लिये गये हैं. घटना 28 जुलाई को हुई थी.
