हादसे में बनगांव के भाजपा प्रत्याशी जख्मी

भाजपा ने तृणमूल पर लगाया हत्या की साजिश रचने का आरोप कोलकाता : उत्तर 24 परगना जिले के गाइघाटा थानांतर्गत हांसपुर इलाके में कार से जा रहे बनगांव लोकसभा केंद्र से भाजपा प्रत्याशी शांतनु ठाकुर की कार से पुलिस की स्टिकर लगी एक कार टकरा गयी. दुर्घटना में शांतनु ठाकुर घायल हो गये. उन्हें बनगांव […]

भाजपा ने तृणमूल पर लगाया हत्या की साजिश रचने का आरोप

कोलकाता : उत्तर 24 परगना जिले के गाइघाटा थानांतर्गत हांसपुर इलाके में कार से जा रहे बनगांव लोकसभा केंद्र से भाजपा प्रत्याशी शांतनु ठाकुर की कार से पुलिस की स्टिकर लगी एक कार टकरा गयी. दुर्घटना में शांतनु ठाकुर घायल हो गये. उन्हें बनगांव महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उधर, घटना के बाद ही उत्तेजित लोगों ने स्टिकर वाली कार में जमकर तोड़फोड़ की. भाजपा समर्थकों ने घटना के पीछे तृणमूल की साजिश का आरोप लगाते हुए जोरदार हंगामा किया. भाजपा समर्थकों ने सड़क और रेल अवरोध किया.

सूत्रों के मुताबिक, घटना दोपहर 12.30 बजे की है. शांतनु ठाकुर अपने कुछ समर्थकों के साथ गाइघाटा से कल्याणी जा रहे थे.इसी दौरान हांसपुर इलाके में अचानक एक पुलिस की स्टिकर लगी कार सामने से आकर उनकी कार से टकरा गयी. उक्त कार पर पुलिस की स्टिकर लगी थी. दुर्घटना में शांतनु ठाकुर के सिर और हाथ में चोट आयी है.

इस घटना के बाद उनके समर्थकों ने रास्ता अवरोध करते हुए पुलिस की उक्त कार में तोड़फोड़ की. ठाकुरनगर रेलवे स्टेशन पर रेल अवरोध किया. बाद में पुलिस प्रशासन की मदद से अवरोध हटाया गया. भाजपा के जिला सचिव देवर्षी विश्वास का कहना है कि इस पूरी घटना के पीछे तृणमूल का हाथ है.

साजिश के तहत पुलिस की स्टिकर वाली कार से टक्कर मारी गयी. यह हत्या करने की कोशिश है. इधर, बनगांव उत्तर के तृणमूल विधायक विश्वजीत दास ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि इस घटना के पीछे तृणमूल का कोई हाथ नहीं है. यह एक दुर्घटना है. शांतनु तुरंत ठीक हो जायें, इसकी कामना करते हैं.

यूपी की कार में रुपये लेकर वोटरों को बांटने जा रहे थे शांतनु : ज्योतिप्रिय

कोलकाता. उत्तर 24 परगना जिले के गाइघाटा में बनगांव के भाजपा प्रत्याशी शांतनु ठाकुर की कार दुर्घटना प्रसंग पर खाद्यमंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक ने कहा कि शांतनु ठाकुर यूपी की एक कार से 25 लाख रुपये लेकर वोटरों को बांटने के लिए जा रहे थे. और उनकी कार को जिस कार ने टक्कर मारी, वह पुलिस की नहीं, बल्कि पैरा मिलिट्री की कार है.

पुलिस पर गलत आरोप लगाये जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि यूपी की कार से रुपये बांटकर वोटरों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है, इस पूरे मामले को लेकर चुनाव आयोग के पास शिकायत करेंगे. उन्होंने आरोप लगाया है कि शांतनु ठाकुर 10,000, 15,000 करके वोटरों को रुपये बांटने के लिए यूपी की कार में 25 लाख रुपये लेकर जा रहे थे.

दुर्घटना की खबर पाकर मौके पर पहुंची गाइघाटा थाने की पुलिस की गाड़ी में भाजपा समर्थकों ने तोड़फोड़ की. शनिवार को बनगांव लोकसभा केंद्र के तृणमूल पार्टी के कार्यालय में उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस के जरिये ये बातें कहीं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >