कोलकाता: श्रावण मास में बाबाधाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्व रेलवे ने 133 जोड़ी श्रवणी मेला स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है.
13 जुलाई से 12 अगस्त तक चलनेवाली मेला स्पेशल ट्रेनों में गोरखपुर से सुलतानगंज/ जसीडीह के बीच 30 जोड़ी, गया से जसीडीह के बीच 16 जोड़ी, रक्सौल से जसीडीह के बीच 16 जोड़ी, जयनगर से जसीडीह के बीच 16 जोड़ी, पटना से जसीडीह के बीच 31 जोड़ी, आसनसोल से पटना के बीच 19 जोड़ी और दानापुर से साहेबगंज स्टेशन तक के लिए पांच जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलायी जायेंगी.
इसके साथ ही आसनसोल से जसीडीह के बीच एक स्पेशल एमईएमयू ट्रेन चलेगी, जबकि कुछ मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों, पांच लंबी दूरी की ट्रेनों का अतिरिक्त ठहराव सुलतानगंज और दो ट्रेनों का ठहराव जमालपुर स्टेशन तक किया गया है. इसके साथ ही दो पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव बढ़ा कर सुलतानगंज स्टेशन तक कर दिया गया है. उक्त जानकारी पूर्व रेलवे ने एक प्रेस विज्ञप्ति कर के दी.
