कोलकाता : महानगर में जर्मन राजदूत के नाम पर इमेल आइडी तैयार कर उसी आइडी से एक व्यापारी को जर्मन काउंसलेट का इस्तेमाल किया हुआ ब्रांडेड कार बेचने के नाम पर मोटी रकम ठगने की शिकायत हाल ही में लालबाजार के साइबर थाने में दर्ज करायी गयी थी. यह शिकायत जर्मन दूतावास में राजदूत ने लालबाजार के साइबर थाने में दर्ज करायी थी.
इसमें उनके नाम पर वेबसाइट तैयार कर एक व्यापारी से मोटी रकम ठगने का जिक्र किया गया था. इसके बाद साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने पीड़ित व्यापारी सुनील सेराओं से संपर्क किया. इसमें पीड़ित व्यापारी ने कहा कि एक वेबसाइट में उन्होंने जर्मन काउंसलेट का इस्तेमाल किया हुआ ब्रांडेड कार बेचने का विज्ञापन देखा था. उसमें एक इमेल आइडी दिया गया था, वह इमेल आइडी जर्मन राजदूत के नाम पर बनाया हुआ था.
उस आइडी के जरिये इमेल में संपर्क करने पर अलीपुर के हेस्टिंग्स पार्क में कार देखने आने को कहा गया. बताया गया कि कार देखने के पहले कार का कुछ प्रतिशत रुपये एडवांस में जमा देने होंगे. कार पसंद नहीं आने पर वहीं रुपये वापस कर दिया जायेगा. इसके बाद व्यापारी ने मोटी रकम एकाउंट में जमा कर दिया और कार देखने जर्मन दूतावास पहुंचे तो ऐसा कोई कार बेचे नहीं जाने का पता चला.
तब नकली इमेल आइडी से ठगी करने का पता चला. इस शिकायत की प्राथमिक जांच में पुलिस का मानना है कि ठगी का यह गिरोह काफी बड़ा है, हो सकता है कि और भी कुछ बड़े लोगों के नाम पर आइडी तैयार कर लोगों से ठगी की हो, फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.
