आदिवासियों के प्रदर्शन से रेल व सड़क यातायात बुरी तरह बाधित, बेलदा स्टेशन में लगायी आग

कोलकाता : आदिवासियों की ओर से अपनी भाषा को मान्यता दिये जाने की मांग के साथ किये जा रहे प्रदर्शन के कारण सड़क व रेल यातायात सोमवार को कई जिलों में बुरी तरह बाधित रहा. यही नहीं सोमवार रात बेलदा स्टेशन में तोड़फोड़ करने के साथ आग लगा दी गयी. दक्षिण पूर्व रेलवे (दपूरे) के […]

कोलकाता : आदिवासियों की ओर से अपनी भाषा को मान्यता दिये जाने की मांग के साथ किये जा रहे प्रदर्शन के कारण सड़क व रेल यातायात सोमवार को कई जिलों में बुरी तरह बाधित रहा. यही नहीं सोमवार रात बेलदा स्टेशन में तोड़फोड़ करने के साथ आग लगा दी गयी. दक्षिण पूर्व रेलवे (दपूरे) के खड़गपुर मंडल में सोमवार को सुबह छह बजे से ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं.
‘भारत जकात माझी परगना महल’ के सदस्य बालीचक, नेकूसिनी, सालबनी, छातना और खेमाशुली जैसे कई स्टेशनों में पटरियों पर खड़े हो गये, जिससे ट्रेन की आवाजाही प्रभावित हुई. दपूरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय घोष ने बताया कि खड़गपुर-हावड़ा, खड़गपुर-टाटानगर, खड़गपुर-भद्रक और खड़गपुर-आद्रा रेल खंडों के विभिन्न स्टेशनों पर कई मेल, एक्सप्रेस और लोकल ट्रेनें रोक दी गयीं.
श्री घोष ने बताया कि प्रमुख स्टेशनों पर फंसे हुए यात्रियों के लिए पेयजल और खाने के इंतजाम किये गये. 12871 हावड़ा तीतलागढ़ इस्पात एक्सप्रेस मेचेदा तक ही गयी. 12872 तीतलागढ़ हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस सोमवार को टाटानगर में ही रोक ली गयी और यह वापस बतौर 12871 टाटानगर से तीतलागढ़ जायेगी. 12821 हावड़ा पूरी धौली एक्सप्रेस को बेलदा में ही रोक दिया गया.
बेलदा और पूरी के बीच परिसेवा को रद्द रखा गया. 22857 सांतरागाछी- आनंद विहार एक्सप्रेस को उलुबेड़िया में ही रोक दिया गया. उलुबेड़िया और आनंद विहार के बीच परिसेवा को रद्द कर दिया गया. श्री घोष ने बताया कि करीब 50 ट्रेनें अभी भी रास्ते में खड़ी हैं.
इसके अलावा झाड़ग्राम में छह नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के खेमाशुली में सुबह छह बजे से पथावरोध भी शुरू हो गया. भारत जकात माझी परगना महल के रबीन टुडू ने कहा कि राज्य भर में सुबह छह बजे से उनका आंदोलन शुरू हुआ है. सरकार के सामने उन्होंने शिक्षा व आदिवासी समाज संबंधी कुछ मांगें रखी थीं. कई बार बातचीत होने पर भी कोई लाभ नहीं हुआ.
लिहाजा मांगों को न माने जाने तक उनका यह आंदोलन चलेगा. झाड़ग्राम के अलावा दक्षिण दिनाजपुर, पुरुलिया, पूर्व बर्दवान, वीरभूम, हुगली, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर और उत्तर दिनाजपुर में भी संगठन का आंदोलन देखने को मिला.
ये ट्रेनें रद्द की गयीं
ट्रेन अवरोध की वजह से सोमवार को 22841 सांतरागाछी-चेन्नई सेंट्रल अंत्योदय एक्सप्रेस, 18409 हावड़ा-पूरी श्री जगन्नाथ एक्सप्रेस, 18007 शालीमार भंजपुर एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया. जबकि मंगलवार को छूटने वाली 18008 भंजपुर शालीमार एक्सप्रेस को भी रद्द रखा गया है. सोमवार को रद्द की गयी ट्रेनों में 12277 हावड़ा-पूरी शताब्दी एक्सप्रेस और 12073 हावड़ा भुवनेश्वर जनशताब्दी एक्सप्रेस भी हैं.
इनके अलावा 12855 व 12886 शालीमार-भोजूडीह-शालीमार अरण्यक एक्सप्रेस, 22821 झाड़ग्राम-पुरुलिया एक्सप्रेस, 12866 पुरुलिया-हावड़ा लालमति एक्सप्रेस, 22862 आद्रा-शालीमार राज्यरानी एक्सप्रेस, 58025 खड़गपुर हटिया पैसेंजर, 58021 खड़गपुर-टाटानगर पैसेंजर, 08051 खड़गपुर-झाड़ग्राम पैसेंजर स्पेशल, 68001 सांतरागाछी-झाड़ग्राम मेमू पैसेंजर, 58007 खड़गपुर-भद्रक पैसेंजर को भी सोमवार को रद्द रखा गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >