कोलकाता : आये दिन महानगर में बदमाशों के हमले में पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर मिलती रहती है, लेकिन एक हॉल के अंदर डीसी की मौजूदगी में कुछ बदमाशों ने दो थानों के ओसी के साथ बदसलूकी की. सिर्फ यही नहीं, उनके साथ मारपीट कर उनमें से एक ओसी के गले से सोने की चेन भी छीन कर भाग निकले. घटना पार्क सर्कस के निकट एक मॉल में रविवार रात की है.
अस्पताल में इलाज कराने के बाद सोमवार को इसकी शिकायत पर हमला करने के आरोप में तौशीफ आलम (26) नामक एक आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश करने पर उसे चार जुलाई तक पुलिस हिरासत में रखने का निर्देश दिया गया है.
तिलजला थाने के ओसी जयसूर्य मुखर्जी ने इसकी शिकायत करया थाने में दर्ज करायी. शिकायत में उन्होंने बताया कि विभाग के डीसी कल्याण बंद्योपाध्याय, असिस्टेंट कमिश्नर व करया थाने के ओसी के साथ मिलकर वह पार्क सर्कस के पास स्थित एक मॉल में संजू फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग देखने गये थे. इस दौरान हॉल में अन्य पुलिसकर्मी के साथ कुछ दर्शक भी मौजूद थे.
फिल्म की शुरुआत में हॉल में होनेवाले राष्ट्रीय गीत के समय दो दर्शक खड़ा नहीं हुए. कुछ युवकों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्ष में वहां विवाद शुरू हो गया. जिसे देखकर करया थाने के ओसी के साथ वह भी विवाद सुलझाने वहां गये. इसी बीच, युवकों ने उन लोगों से झमेला शुरू कर दिया. धीरे-धीरे वे हाथापाई पर उतारू हो उठे और हाथापाई में उनके गले से सोने की चेन छीन ली.
विभाग के डीसी कल्याण बंद्योपाध्याय ने कहा कि हमले के बाद बदमाश वहां से भागने की कोशिश करने लगे. काफी कोशिश के बाद प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार किया गया. इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. इस घटना को लेकर अन्य पुलिसकर्मियों का कहना है कि अबतक सड़क पर हमलावरों के हमले के शिकार वे होते थे. लेकिन डीसी की मौजूदगी में एक हॉल के अंदर ओसी के साथ मारपीट की घटना पहले नहीं घटी थी.
