कोलकाता : शादी के बाद से लगातार दहेज को लेकर ससुराल में अत्याचार की शिकार एक गृहवधू को जिंदा जला कर मारने की कोशिश का आरोप उसके परिवारवालों पर लगा है. घटना बांसद्रोनी इलाके के ब्रह्मपुर मोड़ की है. पीड़ित गृहवधू का नाम प्रीति हल्दार (20) है. वह 50 प्रतिशत जल चुकी है और एमआर बांगुर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है.
घटना की खबर पाकर प्रीति की मां झरना हल्दार ने बेटी के ससुरालवालों के खिलाफ बांसद्रोनी थाने में शिकायत दर्ज करायी. जिसके बाद प्रीति के पति अर्पण पिंगल (25) व उसके भाई अर्नव पिंगल (20) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि अन्य आरोपी फरार हैं. शिकायत में प्रीति की मां ने बताया कि उनकी बेटी का विवाह इसी वर्ष 23 जनवरी को अर्पण के साथ हुआ था.
विवाह के कुछ दिन खुशी से बीतने के बाद उनकी बेटी पर दहेज को लेकर अत्याचार किया जाने लगा. दो दिन पहले उन्हें बेटी के ससुराल में आग में जलने की खबर मिली. तुरंत वह बेटी से मिलने गयीं, तब पता चला कि उनके ससुराल वालों ने उनकी बेटी को जला मारने की कोशिश की थी.
