जांच में सामने आया चौंकानेवाला तथ्य

मुख्यमंत्री की सुरक्षा में सेंध का मामला रायगंज : हाल ही में उत्तर दिनाजपुर के हेमताबाद में मुख्यमंत्री की सभा में हुई सुरक्षा चूक को लेकर चौंकानेवाला तथ्य सामने आया है. शुरुआती जांच में पता चला है कि सभास्थल में लगाये गये सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे थे. इसे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सुरक्षा […]

मुख्यमंत्री की सुरक्षा में सेंध का मामला

रायगंज : हाल ही में उत्तर दिनाजपुर के हेमताबाद में मुख्यमंत्री की सभा में हुई सुरक्षा चूक को लेकर चौंकानेवाला तथ्य सामने आया है. शुरुआती जांच में पता चला है कि सभास्थल में लगाये गये सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे थे. इसे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सुरक्षा में की गयी लापरवाही के रूप में देखा जा रहा है.
उल्लेखनीय है कि गत 22 फरवरी को मुख्यमंत्री की सभा के दौरान उनके सुरक्षा घेरे में लगी सेंध से राज्य सरकार की चिंता बढ़ गयी है. इस मामले में जांच के लिए पहुंचे पश्चिम बंगाल पुलिस के एडीजी (आइबी) संजय चंदर ने शुक्रवार को हेमताबाद में मुख्यमंत्री के सभास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. इसके बाद वह रायगंज स्थित सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचे.
उन्होंने वहां भर्ती सुरक्षा घेरा तोड़नेवाली दोनों किशोरियों के साथ बात की. रात करीब 10 बजे वह अस्पताल से बाहर आये. उल्लेखनीय है कि राज्य पुलिस के डीजी सुरजीत कर पुरकायस्थ और मुख्यमंत्री की सुरक्षा का दायित्व देखनेवाले डीजी वीरेंद्र को मुख्यमंत्री ने सुरक्षा में हुई चूक की जांच का दायित्व सौंपा गया है. इसी क्रम में एडीजी ने यह दौरा किया है.
एडीजी संजय चंदर ने मीडिया के सामने कुछ कहने से इनकार किया है, लेकिन सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री की हेमताबाद सभा के दौरान एक गंभीर चूक पकड़ी गयी है. सभास्थल में लगाये गये कई सीसीटीवी कैमरे बेकार पड़े हुए थे. मुख्यमंत्री कार्यालय मुख्यमंत्री की सभा में इस तरह की गंभीर सुरक्षा चूक को गंभीरता से ले रहा है. सूत्र के अनुसार, दो अलग-अलग जांच रिपोर्टें राज्य के मुख्य सचिव को सौंपी जायेंगी.
इधर, गृह विभाग सूत्र से जानकारी मिली है कि हेमताबाद की घटना के बाद
सभाओं के दौरान मुख्यमंत्री की सुरक्षा और पुख्ता की जायेगी. डी एरिया में सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़ायी जायेगी. महिला सुरक्षाकर्मियों की संख्या भी बढ़ेगी. मंच पर चढ़ने के लिए बने रैंप और सीढ़ी पर ज्यादा सुरक्षा बंदोबस्त रहेगा. डी एरिया बनाने के लिए बांस के बैरीकेड की ऊंचाई बढ़ायी जायेगी. बैरीकेड में बांसों के बीच गैप को भी कम किया जायेगा.
सभा के दौरान कई सीसीटीवी कैमरे थे बेकार
सीएम के निर्देश पर सभास्थल पहुंचे एडीजी
सुरक्षा पुख्ता करने के लिए कई नये फैसले

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >