भगवानपुर चौक स्थित आनंद गेस्ट हाउस के रूम नंबर 103 में मिले शव
मजिस्ट्रेट की निगरानी में कमरे का तोड़ा गया दरवाजा
दोनों के पास से तीन मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड समेत कई कागजात बरामद
कोलकाता : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर चौक स्थित आनंद गेस्ट हाउस डोरमेट्री में पुरुष व महिला का शव मिलने के बाद शनिवार की शाम सनसनी फैल गयी. दोनों शव एक ही रस्सी के फंदे में पंखे से लटका हुआ था. उनकी पहचान पश्चिम बंगाल के मोहनपुरा रामपुरा निवासी स्वप्न पायरा की पत्नी खुकुमनी पायरा (20 वर्ष) व धनंजय जाना का पुत्र खोकन जाना (22 वर्ष) के रूप में किया गया है.
घटना की सूचना पर पहुंची सदर थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया. थानेदार मो. सुजाउद्दीन ने कमरे से बरामद दोनों के आधार कार्ड के आधार पर मोबाइल से पश्चिम बंगाल पुलिस को घटना की सूचना दे दी है. भगवानपुर आइजी कॉलोनी निवासी आनंद गेस्ट हाउस के मालिक विपिन प्रसाद सिंह ने बताया कि शुक्रवार की शाम साढ़े सात बजे दोनों उनके रेस्ट हाउस पहुंचे थे. दोनों अपने आप को पति-पत्नी बता 600 रुपये में शनिवार सुबह ग्यारह बजे तक के लिए 103 नंबर कमरे को बुक कराया था. मैनेजर रवि कुमार के पास दोनों अपना आधार कार्ड का फॉटो कॉपी जमा करवाया था.
सुबह ग्यारह बजे तक कमरे का गेट नहीं खुला, तो मैनेजर उसका गेट नॉक किया. मगर कमरे से कोई जवाब नहीं आया. फिर उसने इसकी सूचना उसे दी. उसने भी गेट खुलवाने का प्रयास किया, मगर कमरे के अंदर से कोई जवाब नहीं दिया. इसकी सूचना तुरंत सदर थाने की पुलिस को दी. इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कमरे का गेट तोड़ा गया तो दोनों का शव एक ही पंखे में रस्सी से लटका हुआ था.
