कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के एक युवा प्रत्याशी के विवाह की तिथि और स्थान दोनों निर्धारित होने के बावजूद उन्हें इंतजार है लोकसभा चुनावों के खत्म होने का ताकि वह शादी के बंधन में बंध सकें.
मार्च में जब तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने विष्णुपुर सीट से 34 वर्षीय सौमित्र खान की उम्मीदवारी का एलान किया तो उन्हें लगा कि उनकी कडी मेहनत रंग लाई लेकिन चुनाव की तारीखें उनकी शादी की तिथि से टकराने के कारण वह थोडे उदास भी हुए. खान ने कहा, मैं नहीं जानता था कि मेरा नाम सूची में होगा. हमने शादी के लिए सारी तैयारियां कर ली थी लेकिन अब इसे रद्द करना पड़ा.
खान बांकुडा की कोतुलपुर सीट से कांग्रेस के विधायक थे. वह पिछले साल दिसंबर में ही तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए थे. खान के अनुसार उनके माता-पिता ने अप्रैल के महीने की एक तिथि उनके विवाह के लिए नियत की थी लेकिन क्षेत्र में लोकसभा चुनाव 7 मई को होना निर्धारित है. उन्होंने कहा, तो अब हमारे पास कोई और विकल्प नहीं सिवाय चुनाव के बाद शादी करने के.
