चौथे चरण में छह करोड़पति मैदान में

कोलकाता: आगामी सात मई को राज्य के माओवादी प्रभावित चार जिलों के छह सीट पर मतदान होगा, चौथे चरण में पश्चिम मेदिनीपुर जिले के झाड़ग्राम व मेदिनीपुर, पुरूलिया जिले के पुरूलिया, बांकुड़ा जिले के बांकुड़ा व विष्णुपुर और बर्दवान जिले के आसनसोल लोकसभा सीट पर मतदान होगा. इन छह सीटों के लिए कुल 72 उम्मीदवार […]

कोलकाता: आगामी सात मई को राज्य के माओवादी प्रभावित चार जिलों के छह सीट पर मतदान होगा, चौथे चरण में पश्चिम मेदिनीपुर जिले के झाड़ग्राम व मेदिनीपुर, पुरूलिया जिले के पुरूलिया, बांकुड़ा जिले के बांकुड़ा व विष्णुपुर और बर्दवान जिले के आसनसोल लोकसभा सीट पर मतदान होगा.

इन छह सीटों के लिए कुल 72 उम्मीदवार मैदान में हैं और इनमें से छह करोड़पति हैं तो 15 उम्मीदवार ऐसे हैं, जिनके नाम पर आपराधिक मामले दर्ज हैं. अगर महिलाओं की संख्या देखी जाये तो इनकी संख्या मात्र 11 है. सबसे अमीर उम्मीदवार आसनसोल से भाजपा के टिकट पर पहली बार राजनीतिक में प्रवेश करनेवाले गायक बाबुल सुप्रियो हैं, इनके पास करीब 7.52 करोड़ रुपये की संपत्ति है. इनके बाद दूसरे स्थान पर मेदिनीपुर से कांग्रेस के उम्मीदवार डॉ विमल कुमार राय का नाम है, यह 6.39 करोड़ रुपये के मालिक है. वहीं मेदिनीपुर से ही तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार संध्या राय 3.10 करोड़ रुपये की मालिकाना हक के साथ तीसरी सबसे अमीर उम्मीदवार हैं.

अगर संपत्ति का आंकड़ा देखते हुए कहा जाये तो इस चरण में करोड़पति उम्मीदवारों की संख्या सबसे कम है, लेकिन सबसे दिलचस्प बात यह है कि इस चरण में आपराधिक मामलों से जुड़े उम्मीदवारों की संख्या अन्य चरणों की अपेक्षा सबसे अधिक है. तीसरे चरण के चुनाव में जहां 17 करोड़पति थे और 13 उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामला था. वहीं, इस चरण में करोड़पति उम्मीदवारों की संख्या छह है, जबकि आपराधिक मामलों से जुड़े उम्मीदवारों की संख्या 15 है. इनमें से 10 उम्मीदवारों के खिलाफ तो जघन्य मामले दर्ज हैं.

वहीं, झाड़ग्राम लोकसभा सीट पर आमरा बंगाली नामक पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ रहे रामपद हांसदा सबसे गरीब उम्मीदवार हैं. इनके पास एक रुपये की भी संपत्ति नहीं है. इन्होंने अपनी संपत्ति जीरो घोषित की है. हालांकि चुनाव के लिए खोले गये बैंक एकाउंट का उन्होंने कोई व्यौरा नहीं दिया है. इसी सीट पर एसयूसीआइ की ओर मैदान में उतरे राजीव मुदी दूसरे सबसे गरीब उम्मीदवार हैं, जिनके पास मात्र 650 रुपये हैं. इसके बाद आसनसोल लोकसभा सीट पर झारखंड देशम पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ रहे बुड़ो मुमरु ने मात्र 1000 रुपये की संपत्ति घोषित की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >