बंगाल में खाता भी नहीं खोल पायेगी भाजपा : ममता

हावड़ा: उलबेड़िया के कुलगछिया व जेबीपुर के बड़गछिया में दो चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वाममोरचा, कांग्रेस व भाजपा पर जम कर हमला बोला और कहा कि तीनों पार्टियां पेड़ के एक ही डाल के कोयल हैं. ये तीनों दल नहीं चाहते हैं कि राष्ट्रीय स्तर पर कोई दूसरी पार्टी […]

हावड़ा: उलबेड़िया के कुलगछिया व जेबीपुर के बड़गछिया में दो चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वाममोरचा, कांग्रेस व भाजपा पर जम कर हमला बोला और कहा कि तीनों पार्टियां पेड़ के एक ही डाल के कोयल हैं.

ये तीनों दल नहीं चाहते हैं कि राष्ट्रीय स्तर पर कोई दूसरी पार्टी आये व देश की कमान संभाले. उन्होंने कहा कि यहां कांग्रेस व वाम दलों का अस्तित्व खतरे में हैं. भाजपा यहां अपना खाता भी नहीं खोल पायेगी, इसलिए आप लोग इन तीनों दलों के उम्मीदवारों को अपना बहुमूल्य वोट नहीं दें.

अधिकार के लिए एनडीए में शामिल थी
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने भाषण में कहा कि वह एनडीए में अपना अधिकार व हक लेने के लिए शामिल हुई थीं, लेकिन जब एनडीए के साथ हमारी नीतियां नहीं मिलीं तो हमलोगों ने एनडीए का साथ छोड़ दिया. उन्होंने कहा कि मेरे लिए राज्य की जनता ही सब कुछ है. मैं लोगों पर विश्वास रखती हूं, क्योंकि जनता ही मेरा अहंकार है.

केंद्र में तीसरी ताकत
केंद्र में तीसरी ताकत सत्ता में आयेगी. हालांकि कांग्रेस व भाजपा यह नहीं चाहती है कि तृणमूल कांग्रेस केंद्र की सत्ता पर आसीन हो, तृणमूल कांग्रेस उनके मंसूबों को पूरा नहीं होने देगी.

बंगाल का विभाजन नहीं
ममता बनर्जी ने कहा कि मेरे जीते जी बंगाल का विभाजन नहीं होगा. सत्ता में काबिज होने के बाद जंगल से लेकर पहाड़ तक खुशियां लौटी है. इस छोटे से कार्यकाल में 14 निजी कॉलेज, आठ विश्वविद्यालय व आर्थिक रूप से कमजोर दो लाख लोगों को जमीन दी गयी है. सौ दिनों के काम में राज्य पहले स्थान पर है.

वामो आदर्शहीन पार्टी
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक राजनीतिक पार्टी आदर्श पर आधारित होती है, लेकिन वाममोरचा के आदर्श खत्म हो गये हैं. विधानसभा चुनाव में हार का मुंह देखने के बाद से वाम मोरचा तीन साल से नजर नहीं आई है. पंचायत चुनाव में भी हार का सामना करना पड़ा है. उन्होंने दावा किया कि यदि वर्तमान सरकार पर दो लाख करोड़ रुपये का कर्ज भार नहीं होता तो राज्य विकास और रोजगार सृजन के मामले में अन्य राज्यों की तुलना में और अधिक आगे होता. बड़गछिया में आयोजित सभा में श्रीरामपुर सीट से तृणमूल उम्मीदवार कल्याण बनर्जी एवं कुलगछिया में आयोजित सभा में उलबेड़िया सीट से प्रत्याशी सुलतान अहमद मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >