कोलकाता : आसनसोल संसदीय क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार बाबुल सुप्रिय के लिए पार्टी यहां अपनी पूरा ताकत झोंक देना चाहती है. इसके लिए भाजपा की ओर से यहां कई स्टार प्रचारक आनेवाले हैं, उनमें से एक नाम योगगुरु बाबा रामदेव का भी है. वह बाबुल सुप्रिय के समर्थन में प्रचार करेंगे. सूत्रों के अनुसार योगगुरु दो दिन तक आसनसोल में बाबुल सुप्रिय के लिए प्रचार कर सकते हैं, पर वह कब आयेंगे. यह अभी तय नहीं हुआ है.
पर इतना जरूर पता चला है कि बाबा रामदेव ने गायक से नेता बने भाजपा उम्मीदवार बाबुल सुप्रिय के समर्थन में प्रचार करने के प्रति अपनी रजामंदी दे दी है. बाबा रामदेव व बाबुल सुप्रिय एक-दूसरे के लिए अनजान नहीं हैं. इसके साथ ही बाबा रामदेव आसनसोल में योग शिविर भी लगा चुके हैं, जहां अच्छी खासी भीड़ जमा हुई थी, जिसे देखते हुए भाजपा ने उन्हें आसनसोल में काम में लगाने का फैसला किया है.
आयोग से करेंगे शिकायत
बाबुल सुप्रिय ने रानीगंज में नवनियुक्त दारोगा र्तीथेदु गांगुली की नियुक्ति पर सवाल उठाया है. उनका कहना है कि तीर्थेदु को अवैध लोहा कारोबार के मामले में निलंबित किया गया था. ऐसे दागी दारोगा की नियुक्ति से निष्पक्ष चुनाव नहीं होंगे. वह इसकी शिकायत चुनाव आयोग से करेंगे.
