दो तस्कर गिरफ्तार
बड़ाबाजार के सोनापट्टी में सोना की करनेवाले थे सप्लाई
आरपीएफ ने आरोपियों व सोना को कस्टम विभाग के हवाले किया
हावड़ा आरपीएफ ने शुक्रवार को हावड़ा स्टेशन पर 15960 डाउन कामरूप एक्सप्रेस से सोना के बिस्कुटों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया. जब्त सोना का वजन 1494.24 ग्राम है, जिसकी कीमत 43,78123 रुपये बतायी जा रही है. आरोपियों की पहचान बड़ाबाजार थाना अंतर्गत हरिराम गोयनका स्ट्रीट निवासी विशाल शर्मा (24) एवं लेकटाउन थाना अंतर्गत बांगुर एवेन्यू निवासी रमेश कुमार वर्मा (43) के रूप में हुई है.
जानकारी के अनुसार, कामरूप एक्सप्रेस सुबह 5:50 बजे जब हावड़ा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर नौ पर पहुंची तो आरपीएफ अधिकारियों ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया. ये सोना के बिस्कुट की सप्लाई बड़ाबाजार के सोनापट्टी में करनेवाले थे. उन्होंने सोना के पांच बिस्कुट अपने ट्रॉली बैग में कपड़ों के अंदर छिपाकर रखा था. ये आजीमगंज से ट्रेन में सवार हुए थे. उनके पास से बरामद आरक्षण टिकट से पता चला की वे एस-9 बोगी में में सफर कर रहे थे.
हावड़ा मंडल के वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त अमरेश कुमार के निर्देश पर हुई कार्रवाई में हावड़ा नॉर्थ पोस्ट के इंस्पेक्टर एससी सहाय, ट्रेन स्क्वार्ड पार्टी के इंस्पेक्टर पीएन तिवारी, एसआइ राकेश कुमार, एसआइ भूपेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल बाली पोस्ट डी साहा शामिल थे.
वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्त अमरेश कुमार ने बताया कि कागजी कार्रवाई के बाद हावड़ा आरपीएफ ने दोनों तस्करों और सोने के बिस्कुटों को कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया.
